कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के आगामी सत्र में कांग्रेस ने सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस विधायक प्रदेश से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़े कथित घोटालों को लेकर कांग्रेस काम रोको प्रस्ताव के जरिए विधानसभा में चर्चा की मांग करेगी।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी कांग्रेस के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगी। बढ़ते संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था के कथित पतन को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट का मुद्दा भी उठेगा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट के आधार पर बढ़ाए जा रहे टैक्स का मुद्दा भी विधानसभा में उठाया जाएगा। कांग्रेस यह जानना चाहेगी कि सरकार ने टैक्स बढ़ाने का फैसला किन आधारों पर लिया और इसका आम लोगों पर कितना आर्थिक बोझ पड़ेगा।
जलभराव और किसानों के मुआवजे पर भी सरकार को घेरेगी कांग्रेस
बारिश के बाद शहरों और गांवों में बने जलभराव के हालात को लेकर भी कांग्रेस विधायक सरकार से जवाब मांगेंगे। हुड्डा ने कहा कि जलभराव से प्रभावित लोगों और किसानों की समस्याओं तथा किसानों को मुआवजा देने का मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कर्मचारियों की मांगों पर भी होगी चर्चा
हुड्डा के मुताबिक बिजली कर्मचारियों की मांगों, गुरुग्राम में बिजली के निजीकरण, गेस्ट टीचर्स और सफाई कर्मचारियों समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की लंबित मांगों को भी विधानसभा में उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक इन मुद्दों पर प्रस्ताव देकर चर्चा की मांग करेंगे और सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा जाएगा। कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि विधानसभा सत्र में प्रदेश की जनता से जुड़े तमाम गंभीर मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाया जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


