कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में प्रतिभा और समाजसेवा के क्षेत्र में काम करने वालों के लिए सम्मान पाने का अवसर है। राज्य सरकार ने महिलाओं को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) से जुड़े लोगों के योगदान को सम्मान देने के लिए दो अलग-अलग पुरस्कार योजनाओं के तहत आवेदन और नामांकन मांगे हैं। इनमें महिलाओं के लिए 5 लाख रुपये तक का पुरस्कार शामिल है। वहीं, NSS के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए कुल 42 पुरस्कार दिए जाएंगे।
महिलाओं के लिए 5 लाख रुपये तक का पुरस्कार
महिला एवं बाल विकास विभाग ने वर्ष 2026-27 के राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली पात्र महिलाएं और निर्धारित श्रेणियों के योग्य व्यक्ति 5 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
पुरस्कारों में श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपये और कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए भी 1 लाख रुपये निर्धारित हैं।
इसके अलावा सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और महिला उद्यमी श्रेणियों में चयनित लोगों को 21 हजार रुपये की नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया जाएगा।
इच्छुक पात्र आवेदक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। जिला स्तर पर आवेदनों की जांच होगी। अनुशंसित मामलों का सत्यापन और पुलिस वेरिफिकेशन भी कराया जाएगा।
NSS के लिए 42 पुरस्कार, 31 अक्टूबर तक नामांकन
दूसरी ओर, उच्चतर शिक्षा विभाग ने राज्य NSS पुरस्कार 2025-26 के लिए नामांकन मांगे हैं। इन पुरस्कारों के जरिए राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत उत्कृष्ट काम करने वाले समन्वयकों, कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।
कुल 42 पुरस्कार दिए जाने हैं। इनमें विश्वविद्यालय स्तर के NSS कार्यक्रम समन्वयक के लिए एक, जिला और पॉलिटेक्निक स्तर के समन्वयक के लिए एक, कार्यक्रम अधिकारियों एवं इकाइयों के लिए 30 और स्वयंसेवकों के लिए 10 पुरस्कार शामिल हैं।
नामांकन के साथ निर्धारित अवधि की गतिविधियों और उपलब्धियों का सत्यापित रिकॉर्ड देना अनिवार्य है। समन्वयकों के लिए तीन वर्ष का रिकॉर्ड मांगा गया है। वहीं कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों को दो वर्षों की उपलब्धियों का विवरण देना होगा।
आवेदन भेजने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
NSS पुरस्कारों के लिए नामांकन उचित माध्यम से भेजना जरूरी है। सीधे भेजे गए, ई-मेल से प्राप्त या जरूरी दस्तावेजों के बिना जमा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। केवल NSS के बैनर तले आयोजित गतिविधियों को ही मान्यता दी जाएगी।
पूर्ण दस्तावेजों के साथ नामांकन 31 अक्टूबर 2026 तक राज्य NSS सेल, उच्चतर शिक्षा विभाग, शिक्षा सदन, सेक्टर-5, पंचकूला में जमा कराने होंगे।
इस तरह दोनों पुरस्कार योजनाओं में आवेदन की अलग-अलग समय-सीमा तय की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के पुरस्कारों के लिए 5 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं NSS पुरस्कारों के लिए नामांकन भेजने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 है।
- न जमीन के कागज, न कोई गारंटी! SBI से पढ़ाई के लिए तुरंत पाएं 7.5 लाख रुपये तक का लोन; ऐसे करें अप्लाई
- नवजात शिशु की मौत पर बवाल : परिजनों ने PHC में किया हंगामा, नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप, CMHO ने कही यह बात
- जमीन कब्जा करने आए शातिर बदमाश लोडेड पिस्तौल के साथ गिरफ्तार, एक नाबालिग भी दबोचा
- डार्क स्किन टोन पर कौन से रंग की Nail Paint अच्छी लगती है? यहाँ जाने 5 खूबसूरत शेड्स
- हिंसा पीड़ित महिलाओं का सहारा बना ‘सखी’, हरियाणा में अब तक 66,818 मामलों में मदद

