भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के वार्षिक परीक्षा अंक ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब सभी संबद्ध सरकारी और निजी विद्यालय 20 मई के बजाय 7 जुलाई तक विद्यार्थियों के अंक ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।
बोर्ड की ओर से यह निर्देश उन सभी स्कूलों के लिए जारी किया गया है जिन्होंने अब तक अंक अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सभी विद्यालय निर्धारित समय सीमा के भीतर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके अंक अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई विद्यालय तय तिथि तक अंक अपलोड नहीं करता है, तो संबंधित विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे उनके शैक्षणिक परिणाम प्रभावित हो सकते हैं।

