अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की नकल रहित परीक्षा व्यवस्था और शानदार परीक्षा परिणामों की अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में चर्चा हो रही है। 12वीं बोर्ड परीक्षा के बेहतर रिजल्ट और पारदर्शी परीक्षा प्रबंधन को लेकर भारत विकास परिषद की शहीद मदनलाल ढींगड़ा शाखा ने बोर्ड मुख्यालय पहुंचकर चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा का सम्मान किया।

भारत विकास परिषद के हरियाणा पश्चिमी प्रांत अध्यक्ष राजेश गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. पवन शर्मा को उपवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान परिषद पदाधिकारियों और अभिभावकों ने बोर्ड की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।
राजेश गुप्ता ने कहा कि डॉ. पवन शर्मा के नेतृत्व में हरियाणा बोर्ड ने शिक्षा व्यवस्था में नई मिसाल कायम की है। बोर्ड ने नकल पर सख्ती दिखाई और समय पर परीक्षा परिणाम जारी कर छात्रों व अभिभावकों का भरोसा मजबूत किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा बोर्ड की सख्त और पारदर्शी नीतियों की पूरे देश में चर्चा हो रही है।
शाखा संपर्क गतिविधि संयोजक डॉ. संजय कुमार मुद्गल ने कहा कि डॉ. पवन शर्मा के कार्यभार संभालने के बाद बोर्ड की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। परीक्षा प्रबंधन से लेकर रिजल्ट जारी करने तक हर स्तर पर पारदर्शिता दिखाई दी है।
शाखा अध्यक्ष कमलनयन वशिष्ठ ने चेयरमैन को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। वहीं डॉ. पवन शर्मा ने परिषद के पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड भविष्य में भी छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए तकनीकी सुधार और नई योजनाओं पर काम करेगा, ताकि हरियाणा के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस मौके पर अशोक कुमार शर्मा, राजवीर कौशिक, जगदीश चंद्र शर्मा, सुरेश कुमार शर्मा, भागमल शर्मा और अरनव गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

