चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 22 अप्रैल को कैबिनेट बैठक बुलाई है। इस बार मंत्रिपरिषद की बैठक गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बुधवार सुबह 9 बजे आयोजित होगी।

इस बैठक में करीब एक दर्जन अहम प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। खास तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकारी कोठी का पीनल रेंट माफ करने का प्रस्ताव फिर से एजेंडे में शामिल किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि हुड्डा पर लगभग 16.5 लाख रुपये का पीनल रेंट बकाया है। इससे पहले भी यह प्रस्ताव कैबिनेट में लाया गया था, लेकिन कुछ मंत्रियों ने इस पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि पहले कोठी के रखरखाव, बिजली-पानी और मैनपावर पर हुए कुल खर्च का विस्तृत विवरण सामने आना चाहिए।

मंत्रियों का मानना था कि जब तक पूरा वित्तीय ब्यौरा स्पष्ट नहीं होगा, तब तक किसी भी तरह की राहत देना जल्दबाजी होगी। इसी कारण यह प्रस्ताव पिछली बैठक में टाल दिया गया था।