सोनीपत। हरियाणा के 7 नगर निकायों और पंचायती राज के 528 पदों के लिए आज मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में मतदाताओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पंचकूला नगर निगम में 10.5 प्रतिशत, सोनीपत में 10.1 प्रतिशत और अंबाला में 9.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

नारनौल के कनीना में वार्ड उपचुनाव के दौरान मतदाताओं ने जबरदस्त सक्रियता दिखाई है, जहां सुबह 10 बजे तक ही 42 प्रतिशत पोलिंग हो चुकी थी। वहीं रेवाड़ी के एक बूथ पर मतदान के शुरुआती समय में तकनीकी समस्या सामने आई। वोटिंग मशीन के उपकरणों में खराबी के कारण कुछ समय के लिए मतदान बाधित रहा, जिसे बाद में ठीक कर शुरू कराया गया।

मतदान की यह प्रक्रिया ईवीएम के माध्यम से पूरा हो रहा है, हालांकि इस बार वीवीपैट मशीनों का उपयोग नहीं किया जा रहा है। सोनीपत के बूथ नंबर 61 से एक भावुक तस्वीर सामने आई, जहां व्हीलचेयर की व्यवस्था न होने के कारण एक बुजुर्ग महिला के परिजन उन्हें स्कूटी पर बैठाकर वोट डलवाने पहुंचे। इससे पहले वह मतदान केंद्र के बाहर गिर गई थीं, लेकिन अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने का जज्बा कम नहीं हुआ।

प्रदेश में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद और उकलाना, धारूहेड़ा व सांपला नगर पालिकाओं के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनके साथ ही 2 जिला परिषद सदस्य, 12 ब्लॉक समिति सदस्य, 29 सरपंच और 485 पंचों के पदों पर भी वोटिंग जारी है।

परिणामों की बात करें तो पंचायत उपचुनाव के नतीजे आज ही घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं, नगर निकायों के चुनावी परिणाम के लिए 13 मई का दिन निर्धारित किया गया है। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।