राकेश कथूरिया, कैथल। भारतीय जनता पार्टी कैथल जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार नायब सिंह सैनी की अगुवाई में हरियाणा दिन दुगनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं चाहे किसान हों, व्यापारी हो, महिला या अन्य वर्ग, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हर वर्ग के लिए नई योजनाएं शुरू की हैं। ज्योति सैनी भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की अगुवाई में प्रदेश व केंद्र सरकार ने पिछले 12 सालों में देश व प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना रुके बिना थके देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। आज हमारा राष्ट्र दुनिया में अलग पहचान रखता है। उन्हीं की नीतियों का अनुसरण करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी मुख्यमंत्री आवास के द्वार आमजन के लिए खोल दिए हैं। आज प्रदेश में रजिस्ट्री होते ही इंतकाल दर्ज हो जाता है। महिलाओं के लिए लाडली योजना की शुरुआत की गई है। जिसमें उन्हें 2100 रुपये की राशि दी जाती है।

युवा हों, व्यापारी हों या फिर कोई अन्य वर्ग, प्रदेश में हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया जा रहा है। आज हरियाणा में नेशनल हाईवे का एक बड़ा नेटवर्क तैयार हो चुका है। जिससे पूरे देश में जिले की पहुंच बढ़ी है। आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसीलिए विपक्ष भ्रामक प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महोदय ने बैठक लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन के विषय में जानकारी दी है। कार्यकर्ता माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा दिए गए निर्देशानुसार आमजन तक पार्टी की नीतियों को लेकर जाएं। लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दें।

ज्योति सैनी ने कार्यकर्ताओं को बताया कि आगामी 20 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांव जड़ौला में संत शिरोमणि संत गुरु रविदास जी की मूर्ति स्थापना समारोह में भाग लेंगे। कार्यकर्ता इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। इसी प्रकार से मुख्यमंत्री कैथल में भी वन महोत्सव कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। जिला अध्यक्ष ने दोनों कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां भी लगाईं।