अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा को आगामी राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी देने समेत भिवानी में खेल विश्वविद्यालय और धनाना में खेल स्टेडियम व सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की मांग उठाई गई है। इन मांगों को लेकर ग्राम स्वराज किसान मोर्चा, अधिवक्ता, खिलाड़ी, किसान, जवान, खाप पंचायत और आम नागरिकों की ओर से 17 अगस्त को भारत के राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मांग
ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र तालु ने बताया कि हरियाणा के खिलाड़ियों की लगातार बेहतर उपलब्धियों को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार को खेलों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। इसके लिए राज्य में खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की जरूरत है।
ज्ञापन में रखी जाएंगी ये प्रमुख मांगें
जोगेंद्र तालु के अनुसार, ज्ञापन के माध्यम से भारत में प्रस्तावित आगामी राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हरियाणा को देने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही धनाना में खेल स्टेडियम और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने तथा भिवानी में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग भी रखी जाएगी। इसके अलावा पदक विजेता खिलाड़ियों को ग्रेड-1 और ग्रेड-2 की सरकारी नौकरियां देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर जोर
जोगेंद्र तालु ने कहा कि हरियाणा के युवा खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिवानी की बेटियों ने कॉमनवेल्थ में देश का नाम रोशन किया है। इससे यह साबित होता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


