हरियाणा कांग्रेस ने करनाल में जिला अध्यक्षों के साथ मंथन कर युवाओं के भविष्य और संगठन विस्तार की रणनीति पर जोर दिया है।

करनाल। में आयोजित हरियाणा कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों की मासिक बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनहित के मुद्दों और युवाओं के भविष्य को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश का युवा NEET पेपर घोटाले, लगातार हो रहे प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और CBSE से जुड़े विवादों के कारण अपने भविष्य को लेकर गंभीर चिंता में है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्हें जनता की आवाज बनकर युवाओं के अधिकारों, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने जिला अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे प्रदेशभर में युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को पार्टी मंच पर प्रभावी ढंग से रखें।

बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने तथा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस की भूमिका को धार देने पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल भी मौजूद रहे। जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया गया।