कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के दौरान मंच पर कथित तौर पर गंगाजल से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने प्रदेशभर में जिला स्तर पर मार्च और सत्याग्रह करने का ऐलान किया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला अध्यक्षों को शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को व्यापक विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने इस कार्यक्रम को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन और कथित विभाजनकारी मानसिकता के विरोध से जोड़ते हुए संगठन को एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया है।

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त की ओर से 13 अगस्त को जारी पत्र में कहा गया है कि हिंदू राइट विंग संगठनों की ओर से हाल ही में हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की रैली के स्थल पर गंगाजल से कथित ‘शुद्धिकरण’ किया गया। पत्र में दावा किया गया है कि यह कदम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के बाद उठाया गया और इसे कांग्रेस तथा उसके नेतृत्व के प्रति अपमानजनक एवं विभाजनकारी मानसिकता का प्रतीक बताया गया है।

कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि इस तरह की घटना केवल पार्टी अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की गरिमा, समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों पर भी हमला है। पत्र में कहा गया है कि संविधान से संचालित लोकतांत्रिक समाज में ऐसी भेदभावपूर्ण सोच और मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

महात्मा गांधी और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तक निकलेगा मार्च

प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि 14 अगस्त को अपने-अपने जिलों में विशाल मार्च और सत्याग्रह का आयोजन किया जाए। जिला कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में होने वाला यह मार्च महात्मा गांधी अथवा डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा तक जाएगा और वहीं सत्याग्रह किया जाएगा।

पार्टी के अनुसार, इस दौरान हल्द्वानी की घटना के विरोध में अपना आक्रोश दर्ज कराया जाएगा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रति एकजुटता व्यक्त की जाएगी। कांग्रेस ने इसे सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

सांसदों-विधायकों समेत पूरी कांग्रेस को जुटाने के निर्देश

हरियाणा कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों को कार्यक्रम में संबंधित जिले के सांसदों और विधायकों के साथ पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों, निर्वाचित प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी के सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।

पत्र में प्रत्येक जिले में अधिकतम संख्या में लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, ताकि कांग्रेस की ओर से स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि पार्टी देश में किसी भी तरह के भेदभाव, छुआछूत अथवा संविधान द्वारा प्रदत्त गरिमा और समानता को कमजोर करने के प्रयास को स्वीकार नहीं करेगी।

कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को भेजने के निर्देश

प्रदेश कांग्रेस ने जिला इकाइयों से आयोजित कार्यक्रम की संक्षिप्त रिपोर्ट और तस्वीरें भी प्रदेश कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। इन रिपोर्टों को आगे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा।

पत्र पर हरियाणा कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के हस्ताक्षर हैं। पत्र की प्रतिलिपि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा हरियाणा में एआईसीसी एवं पार्टी मामलों के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल को भी भेजी गई है।

इस फैसले के साथ कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि हल्द्वानी की घटना को लेकर पार्टी प्रदेशभर में राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है। 14 अगस्त का कार्यक्रम कांग्रेस के लिए एक ओर विरोध प्रदर्शन तो दूसरी ओर संगठन की एकजुटता और जमीनी ताकत दिखाने का भी अवसर माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m