पानीपत, प्रवीण भारद्वाज। हरियाणा के सहकारी बैंकों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के नेतृत्व में पानीपत सहित प्रदेशभर के कोऑपरेटिव बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 3 जुलाई तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो हरियाणा के हजारों कर्मचारी सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा के आवास का घेराव करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी दो प्रमुख मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनमें वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करना और पदोन्नति प्रक्रिया को पूरा करना शामिल है।

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि पदोन्नति को लेकर विभाग ने परीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन वेतन संबंधी मांग पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इस मुद्दे को लेकर कई बार सरकार और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकें भी हो चुकी हैं, लेकिन कर्मचारियों को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है।

सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान बिजेंद्र सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना तो 3 जुलाई को प्रदेशभर से हजारों कर्मचारी एकजुट होकर सहकारिता मंत्री के आवास का घेराव करेंगे और अपने हक की लड़ाई को और तेज करेंगे।