अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा दिवस की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को भिवानी के पंचायत भवन में शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। 60 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगराधीश अनिल कुमार ने शिरकत की। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने शिरकत करते हुए हरियाणा के 60 साल के स्वर्णिम इतिहास को याद किया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

हरित क्रांति से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पोर्ट्स में नंबर-वन

आयोजन के दौरान 1 नवंबर 1966 को पंजाब से अलग होकर बने हरियाणा राज्य की विकास यात्रा को रेखांकित किया गया। अधिकारियों और वक्ताओं ने बताया कि 60 साल के स्वर्णिम इतिहास की शुरुआत कृषि क्षेत्र में हरित क्रांति से हुई थी, जो हरियाणा की धरती से शुरू होकर देश की फूड सिक्योरिटी में सबसे बड़ा संबल बनी।

वर्तमान परिदृश्य पर बात करते हुए बताया गया कि आज हरियाणा ने इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पोर्ट्स और सर्विस सेक्टर में अभूतपूर्व प्रगति की है। अभी दो दिन पहले संपन्न हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी स्पोर्ट्स के क्षेत्र में हरियाणा पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा है।

देश-विदेश में रह रहे हरियाणवियों से अपील: अपनी जड़ों को न भूलें

मुख्य अतिथि एवं नगराधीश अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा दिवस केवल प्रदेश के भीतर ही नहीं, बल्कि राज्य से बाहर और विदेशों में रह रहे हरियाणवी मूल के लोग भी बड़े उत्साह से मनाते हैं। हरियाणा का अपना एक समृद्ध सांस्कृतिक परिवेश और संस्कार हैं, जिनसे हर नागरिक हमेशा जुड़ा रहता है। उन्होंने प्रदेश से बाहर रहने वाले सभी हरियाणवियों को हीरक जयंती की बधाई देते हुए अपील की कि वे अपनी जड़ों और अपनी संस्कृति को कभी न भूलें।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को हरियाणा दिवस की हीरक जयंती की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की निरंतर तरक्की व समृद्धि में अपना योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m