Haryana Top News : आज हरियाणा में पुलिस और प्रशासन से लेकर अपराध, शिक्षा और सामाजिक मुद्दों तक कई बड़ी खबरें सामने आईं। 20 पुलिस अधिकारियों के तबादले, राजभवन में बदलाव, हिसार हत्याकांड, चरखी दादरी फायरिंग और गुरुग्राम की घटना समेत दिनभर की प्रमुख खबरों पर एक नजर डालते हैं।
1. हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल, 20 अधिकारियों के तबादले; 3 HCS अफसर भी बदले
चंडीगढ़। हरियाणा में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने एक साथ 20 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इसके साथ ही 3 HCS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
2. सरकारी नौकरी पर भरोसा, सरकारी शिक्षा पर क्यों नहीं?
पंचकूला। समाज में सरकारी नौकरी को लेकर जिस तरह का भरोसा दिखाई देता है, क्या वैसा ही भरोसा सरकारी स्कूलों और कॉलेजों की शिक्षा व्यवस्था पर भी है? हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल सिंह ढांडा ने पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित सरकारी कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद के दौरान इसी सवाल को सामने रखा। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ शिक्षा व्यवस्था और सरकारी संस्थानों को लेकर चर्चा की।
3. 37 वर्षों की साधना से साकार हुआ विश्व का सबसे बड़ा महामृत्युंजय यंत्र
हिसार। तप की तपिश, साधना की शक्ति और श्रद्धा की आस्था से सृजित विश्व के सबसे बड़े महामृत्युंजय यंत्र का दिव्य द्वार अब हिसार में खुलने जा रहा है। मैय्यड़ स्थित ओम सिद्ध महामृत्युंजय अंतरराष्ट्रीय योग एवं ज्योतिष अनुसंधान केंद्र में 37 वर्षों की अखंड साधना से निर्मित इस यंत्र को 17 अगस्त, नागपंचमी के पावन अवसर पर आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
4. हिसार में डेयरी संचालक की हत्या पर बवाल, अंतिम संस्कार से इनकार
हिसार। सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और खाप प्रतिनिधियों का गुस्सा बढ़ गया है। 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद शनिवार को परिजनों और पूनिया व कुंडू खाप के प्रतिनिधियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक जीवन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
5. हरियाणा राजभवन में बड़ा घटनाक्रम, राज्यपाल के प्राइवेट सेक्रेटरी शंख चटर्जी पद से हटे
चंडीगढ़। हरियाणा राजभवन में बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अपने प्राइवेट सेक्रेटरी शंख चटर्जी को पद से मुक्त कर दिया है। राज्यपाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि चटर्जी को तत्काल प्रभाव से हरियाणा के राज्यपाल के प्राइवेट सेक्रेटरी के पद से मुक्त किया जाता है।
6. गुरुग्राम में सड़क पर भिड़ीं लड़कियां, मारपीट का वीडियो वायरल
गुरुग्राम। सेक्टर-56 में एक आयुर्वेद सेंटर के बाहर लड़कियों के बीच सड़क पर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। वीडियो में कुछ लड़कियां एक-दूसरे के बाल खींचती, थप्पड़ मारती और लात-घूंसे चलाती नजर आ रही हैं। राहगीरों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद काफी देर तक चलता रहा। पुलिस को मामले की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
7. घरेलू कामगार भी कर सकेंगी यौन उत्पीड़न की शिकायत, जिला स्तर की लोकल कमेटी में मिलेगा न्याय
चंडीगढ़। हरियाणा में अब घरेलू कामगारों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं को भी कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की सुविधा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। जिन कार्यस्थलों पर आंतरिक शिकायत समिति (Internal Committee) उपलब्ध नहीं है, वहां महिलाएं जिला स्तर पर गठित स्थानीय समिति (Local Committee) के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
8. फरीदाबाद मर्डर केस: सिगरेट पीने से रोकने पर युवक की चाकू गोदकर हत्या, एम्स में तोड़ा दम
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के ओम एंक्लेव में शुक्रवार को सिगरेट पीने से मना करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल किशोरी की दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विवाद मुरली नामक युवक के सिगरेट पीने से रोकने को लेकर शुरू हुआ था।
9. चरखी दादरी फायरिंग कांड: 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, घायल 7 लोगों के शरीर से निकलीं 20 गोलियां
चरखी दादरी। चरखी दादरी में सिटी थाना के सामने हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस विभाग ने 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) में लगी हुई थी। वहीं, अस्पताल सूत्रों के अनुसार फायरिंग की इस वारदात में घायल हुए सभी 7 लोगों के शरीर से करीब 20 गोलियां निकाली गई हैं। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


