कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा के बिजली कर्मचारियों के साथ कैबिनेट मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक के बाद बड़ा फैसला हुआ है। सरकार के साथ वार्ता के बाद बिजली कर्मचारी संगठनों ने 11 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है। इससे प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर बना संकट फिलहाल टल गया है।
बैठक में बिजली क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई।
कर्मचारियों की ओर से पैरेलल लाइसेंस, एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटरिंग समेत विभिन्न मुद्दे उठाए गए।
इसके अलावा ठेका कर्मचारियों को पक्का करने, समान काम-समान वेतन, जोखिम भत्ता, एक्स-ग्रेशिया रोजगार योजना में लगाई गई शर्तों को हटाने सहित कर्मचारियों की अन्य मांगों पर भी बातचीत हुई।
विज ने दिया भरोसा, कर्मचारियों ने वापस ली हड़ताल
बैठक के बाद अनिल विज ने कहा कि बिजली कर्मचारियों के साथ सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई है। उन्होंने कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि उनकी मांगों और समस्याओं पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
विज ने कहा कि बिजली कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया है कि अब हड़ताल नहीं की जाएगी। इसके बाद 11 अगस्त से शुरू होने वाली प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेने का निर्णय लिया गया।
तीन दिन की हड़ताल से बन सकता था बिजली संकट
बिजली क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कर्मचारी संगठनों ने 11 से 13 अगस्त तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया था। हड़ताल की घोषणा के बाद प्रदेश में बिजली सेवाओं पर इसके संभावित असर को लेकर सरकार की चिंता बढ़ गई थी।
इसी बीच सरकार ने विवाद का समाधान निकालने के लिए कर्मचारी संगठनों और बिजली क्षेत्र से जुड़े अभियंताओं को बातचीत के लिए आमंत्रित किया। ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
वार्ता के बाद कर्मचारियों के हड़ताल से पीछे हटने के फैसले को सरकार के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। फिलहाल प्रदेश में बिजली कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है और अब बातचीत के जरिए लंबित मांगों के समाधान की राह खुलेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


