यमुनानगर: हरियाणा में अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 22वें दिन भी जारी रही। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। यमुनानगर में पांच कर्मचारी क्रमिक अनशन पर बैठे, जिससे आंदोलन और तेज होता नजर आया।
इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री कर्मचारियों का समर्थन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों को लागू नहीं करती, तब तक हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
शास्त्री ने बताया कि सरकार के साथ अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है—दो बार फायर विभाग के डायरेक्टर और एक बार मंत्री स्तर पर— इसके बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है। उनका आरोप है कि सरकार जानबूझकर कच्चे कर्मचारियों को नियमित नहीं कर रही और उनका शोषण किया जा रहा है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में फरीदाबाद में आग बुझाते समय घायल होकर जान गंवाने वाले कर्मचारियों को शहीद का दर्जा देना शामिल है। इसके अलावा उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान हादसों में घायल या मृत कर्मियों के लिए स्पष्ट और स्थायी नीति बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सूरजकुंड मेले में एक पुलिसकर्मी की मौत पर सरकार ने एक करोड़ रुपये की सहायता और नौकरी दी थी, ऐसे में अग्निशमन कर्मचारियों के साथ भी समान व्यवहार होना चाहिए।
शास्त्री ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग में बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा उपकरणों की भारी कमी है। कर्मचारियों को पर्याप्त फायर वर्दी और आधुनिक उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर सुरक्षा संसाधन मिलते, तो कई हादसों को टाला जा सकता था।
इसके अलावा, होमगार्ड के जवानों और रोडवेज चालकों से बिना उचित प्रशिक्षण के आग बुझाने का काम लिया जा रहा है, जिससे उनकी जान को खतरा बढ़ रहा है। हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां बिना प्रशिक्षित कर्मी हादसों का शिकार हुए हैं।
कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
- नवा रायपुर में फिर दिखेगा क्रिकेट का रोमांच, भारत-जिम्बाब्वे महिला टी20 सीरीज से पहले दोनों कप्तानों ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, स्मृति मंधाना बोलीं- हर मैच खेला जाएगा अक्रामक
- संकट में किसानों को धामी सरकार की ‘संजीवनी’: बिजली बिलों के भुगतान पर तुरंत रोक, मुआवजे में भारी बढ़ोतरी का ऐलान
- यो यो हनी सिंह पर लटकी LOC की तलवार, महाराष्ट्र साइबर सेल एक्शन की तैयारी में, 3 बार समन पर नहीं हुए है पेश
- पंचमी भेंट विवाद पर FULL STOP! गोंड समाज, मंदिर ट्रस्ट और राजपरिवार में बनी सहमति, फिर सोशल मीडिया पर कौन फैला रहा भ्रम?
- MP में फिर गरमाया OBC आरक्षण का मुद्दा: 16 अक्टूबर को भोपाल में मंत्रियों के बंगलों पर बड़ा प्रदर्शन; आजाद समाज पार्टी ने किया ऐलान
