कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से ‘हरियाणा FPO Mission 2026’ शुरू किया है। इस मिशन के तहत किसान उत्पादक संगठन (FPO) और उत्पादक समूहों (PG) को मजबूत कर किसानों को बेहतर बाजार, उचित मूल्य, आधुनिक तकनीक, वित्तीय सहायता और कृषि आधारित उद्योगों से जोड़ा जाएगा। सरकार का लक्ष्य सामूहिक खेती को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देना है।
मिशन के तहत प्रदेश में नए FPO और उत्पादक समूहों का गठन किया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर FPO का वित्तीय सशक्तिकरण होगा, जबकि निष्क्रिय संगठनों को दोबारा सक्रिय किया जाएगा। जिन FPO में बेहतर संभावनाएं हैं, उनके कारोबार का विस्तार कर उन्हें बड़े बाजारों और नई व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
सरकार इस मिशन के जरिए किसानों को कृषि अवसंरचना निधि (AIF) का लाभ दिलाएगी। इसके अलावा क्लस्टर आधारित कृषि अवसंरचना, मत्स्य पालन, कोल्ड स्टोरेज, नर्सरी विकास, आधुनिक कृषि तकनीकों, वर्टिकल फार्मिंग और संरक्षित खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। डेयरी, पशुपालन और मत्स्य आधारित उद्यमों को भी इस योजना से मजबूती मिलेगी।
मिशन में कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और वैल्यू एडिशन पर विशेष फोकस रहेगा, ताकि किसानों की उपज को बेहतर कीमत मिल सके। साथ ही MSME योजनाओं के माध्यम से कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा और वित्तीय संस्थानों के जरिए आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
हरियाणा सरकार ने मिशन के प्रभावी संचालन के लिए नोडल एजेंसी के माध्यम से सभी FPO का मूल्यांकन करने का निर्णय लिया है। इसमें रेटिंग और ग्रेडिंग आधारित मात्रात्मक आकलन के साथ कार्यात्मक स्थिति के आधार पर गुणात्मक वर्गीकरण किया जाएगा। इससे बेहतर प्रदर्शन करने वाले संगठनों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और कमजोर संगठनों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
सरकार का दावा है कि इस मिशन से किसान संगठन अधिक मजबूत और आत्मनिर्भर बनेंगे। किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलेगा, कृषि आधारित वैल्यू चेन मजबूत होगी, संस्थागत वित्त तक पहुंच आसान होगी और सामूहिक कृषि-उद्यमिता के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

वर्तमान में हरियाणा में कृषि, बागवानी, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन क्षेत्रों में करीब 775 किसान उत्पादक संगठन (FPO) कार्यरत हैं। सरकार को उम्मीद है कि FPO Mission 2026 इन संगठनों को नई ताकत देगा और किसानों की आय बढ़ाने के साथ हरियाणा की कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
- जदयू कार्यालय के पोस्टर पर मंत्री का बड़ा बयान, आरोपों पर दी तीखी प्रतिक्रिया
- Rajasthan News: राजस्थान में ऑपरेशन के दौरान लगने वाले इंजेक्शन पर रोक, हैदराबाद में 16 मरीजों की बिगड़ी थी तबीयत
- सरकारी स्कूलों में अब बच्चे बोलेंगे फ्रेंच: 6 जुलाई से शिक्षकों की आखिरी ट्रेनिंग, हिसार को मिलेंगे सबसे ज्यादा 6 टीचर
- दो पक्षों में खूनी संघर्ष: हमले में पांच माह की गर्भवती महिला गंभीर, गर्भ में ही जुड़वा बच्चों की मौत
- इन तरीकों से दूर होगी आर्थिक तंगी, जानें सुख-समृद्धि के आसान से उपाय …

