बेगूसराय। शहर में ऑर्केस्ट्रा में काम दिलाने के बहाने लड़कियों को बुलाकर उनसे जबरन देह व्यापार कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस पूरे मामले का खुलासा हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली 25 वर्षीय सोनल (काल्पनिक नाम) की जांबाजी की वजह से हुआ। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी अमरजीत और उसकी महिला सहयोगी संगीता को गिरफ्तार कर लिया है।

​सोशल मीडिया पर दोस्ती और भरोसे का कत्ल

​सोनल ने पुलिस को बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह काम की तलाश में थी। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात नोएडा की रहने वाली संगीता से हुई। संगीता ने उसे ऑर्केस्ट्रा में डांस का काम दिलाने का भरोसा दिया। शुरुआती कुछ कार्यक्रमों में सोनल को सही समय पर भुगतान मिला, जिससे उसका भरोसा संगीता पर बढ़ गया।

​पैसे के बहाने कमरे में बुलाया

​हाल ही में संगीता ने सोनल को बेगूसराय के नावकोठी में एक मुंडन समारोह में डांस के लिए बुलाया। प्रोग्राम खत्म होने के बाद जब सोनल ने अपने मेहनताने की मांग की, तो उसे पैसे देने के बहाने नागदह स्थित एक किराए के मकान में ले जाया गया। वहां अमरजीत नामक शख्स ने उसे धमकी देते हुए कहा कि अगर ज्यादा पैसे चाहिए, तो देह व्यापार करना होगा।

​विरोध करने पर रेप की कोशिश और रेस्क्यू

​सोनल ने जब इस अनैतिक काम के लिए साफ मना कर दिया, तो अमरजीत ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। सोनल ने पूरी ताकत से मुकाबला किया। उसे एक कमरे में अन्य 5 लड़कियों के साथ बंद कर दिया गया, जिन्होंने बताया कि उनके साथ भी जबरन गलत काम कराया जा रहा है।
​अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए सोनल ने अपने बैग में छिपे कीपैड फोन से तुरंत ‘डायल 112’ पर पुलिस को सूचना दी। आधे घंटे के भीतर पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर सोनल समेत सभी 6 लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

​पुलिस की कार्रवाई और संगठित गिरोह की जांच

​लोहियानगर थाना पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। रेस्क्यू की गई लड़कियों ने बताया कि उन्हें विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह के तार और किन-किन शहरों से जुड़े हैं।