कृष्ण कुमार सैनी, हरियाणा में शनिवार को लाखों लोगों को सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक राहत मिली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 50 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,634 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करवाई। इसमें महिलाओं की लाडो लक्ष्मी योजना से लेकर बुजुर्गों की पेंशन और किसानों की आर्थिक सहायता तक शामिल है।

इस दौरान दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 12वीं किस्त भी जारी की गई। सरकार ने 10 लाख 10 हजार महिलाओं के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये भेजे। इस योजना के तहत अब तक 2,466 करोड़ 63 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।

लाडो लक्ष्मी योजना में बढ़ाई गई आय सीमा

हरियाणा सरकार ने योजना का दायरा भी बढ़ाया है। अब परिवार की सालाना आय सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार रुपये कर दी गई है। योजना के दूसरे चरण में 2 लाख 57 हजार 147 महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। इन महिलाओं को नवंबर में आर्थिक सहायता दी जाएगी।

35 लाख से ज्यादा लोगों को मिली पेंशन

सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की 15 योजनाओं के तहत 35 लाख 13 हजार 295 लाभार्थियों के खातों में 1,131 करोड़ 7 लाख रुपये भेजे। इसमें बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन भी शामिल है।

सरकार का कहना है कि परिवार पहचान पत्र के आंकड़ों के आधार पर पात्र लोगों की पहचान की जाती है। इससे पात्र लोगों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

गैस सिलेंडर पर महिलाओं को सब्सिडी

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 5 लाख 14 हजार महिलाओं के खातों में अगस्त महीने की सब्सिडी भेजी गई। इसके लिए 20 करोड़ 39 लाख रुपये जारी किए गए। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

अब तक इस योजना में 14 लाख 65 हजार महिलाओं के खातों में कुल 380 करोड़ 21 लाख रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।

4,222 परिवारों को 158 करोड़ रुपये की सहायता

दयालु योजना के तहत 4,222 परिवारों को 158 करोड़ 80 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इस राशि को मिलाकर अब तक 92 हजार 220 परिवारों को 3,479 करोड़ 61 लाख रुपये की मदद दी जा चुकी है।

आलू और फूलगोभी उगाने वाले किसानों को भी पैसा

भावांतर भरपाई योजना के तहत 3,384 किसानों के लिए 34 करोड़ 79 लाख रुपये जारी किए गए। इनमें आलू उगाने वाले 3,364 किसानों के लिए 34 करोड़ 76 लाख रुपये शामिल हैं। वहीं, फूलगोभी उगाने वाले 20 किसानों को करीब 2 लाख 39 हजार रुपये की राशि जारी की गई।

इस योजना के तहत अब तक 49 हजार 148 किसानों को 281 करोड़ 74 लाख रुपये दिए जा चुके हैं।

2,651 नए राशन डिपो के लिए खुलेगा रास्ता

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 2,651 नए राशन डिपो के आवंटन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शुरू किया। इच्छुक पात्र लोग इसके माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इनमें 33 प्रतिशत डिपो महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे।

गांवों में खुलेंगे 650 और अटल पुस्तकालय

ग्रामीण विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए भी सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री ने अटल पुस्तकालयों के लिए पुस्तक सेतु पोर्टल शुरू किया। इसके जरिए लोग अपने गांव के पुस्तकालय को मुफ्त में किताबें दान कर सकेंगे।

प्रदेश में अभी 996 अटल पुस्तकालय हैं। सरकार जल्द ही 650 और पुस्तकालय खोलेगी। इनमें से 500 पुस्तकालय 25 दिसंबर 2026 तक स्थापित करने का लक्ष्य है।

चौपालों की मरम्मत के लिए 77 करोड़ रुपये

अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग की चौपालों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 21 जिलों में 1,723 कार्यों के लिए 77 करोड़ 6 लाख रुपये जारी किए गए। इससे पहले भी 2,930 कार्यों के लिए 118 करोड़ 47 लाख रुपये दिए जा चुके हैं।

इस तरह अब तक 4,653 कार्यों के लिए 195 करोड़ 53 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।

धान खरीद पर भी मुख्यमंत्री ने दी जानकारी

हरियाणा में 29 सितंबर से धान की खरीद चल रही है। यह प्रक्रिया 15 नवंबर तक जारी रहेगी। कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी यानी सरकार की तय खरीद दर) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल है।

सरकार के अनुसार, 9 अक्टूबर तक मंडियों में 14.25 लाख मीट्रिक टन धान पहुंच चुका था। इसमें से 8.35 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई थी। वहीं, 2.18 लाख मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका था। इस दौरान 19,155 किसानों को 398 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधे पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के जरिए बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m