कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: Haryana Government Schools : हरियाणा सरकार ने प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि प्रदेश में 150 नए राजकीय विद्यालयों के भवन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किए जाएंगे। इन स्कूलों के निर्माण में देश के अग्रणी राज्यों और प्रतिष्ठित संस्थानों के बेहतरीन मॉडल तथा विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा।

शुक्रवार देर शाम चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में स्कूल शिक्षा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और आधुनिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा भी मौजूद रहे।

719 उत्कृष्ट विद्यालयों को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

बैठक में प्रदेश के 719 उत्कृष्ट विद्यालयों—जिनमें संस्कृति मॉडल स्कूल, मुख्यमंत्री अर्ली इंग्लिश एंड एक्सीलेंस स्कूल तथा पीएम श्री विद्यालय शामिल हैं—के समग्र विकास की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन विद्यालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि नए भवनों के साथ-साथ अतिरिक्त कक्षाएं, अलग शौचालय, मजबूत चारदीवारी, खेल मैदान, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, डिजिटल लैब, स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, नया फर्नीचर, टैबलेट और अन्य आधुनिक शिक्षण संसाधन समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

एआई आधारित शिक्षा और स्मार्ट क्लासरूम पर जोर

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकारी स्कूलों को डिजिटल और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाएगा। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित शिक्षण, स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, व्यावसायिक शिक्षा और अत्याधुनिक विज्ञान व कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निजी संस्थानों की तर्ज पर बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि ये विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र बन सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि 150 नए स्कूल और 719 उत्कृष्ट विद्यालय पूरे प्रदेश के लिए रोल मॉडल साबित होंगे।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को मिलेगा सम्मान

बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाए। उन्होंने सभी सरकारी स्कूलों में स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई के स्तर को और बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी यशपाल यादव, माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक जितेंद्र दहिया, निदेशक मनिता मलिक, शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक स्वपनिल रवींद्र पाटिल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m