रोहतक | हरियाणा के रोहतक स्थित ऐतिहासिक महम चौबीसी चबूतरे पर शनिवार को उत्तर भारत की कई खाप पंचायतों की महापंचायत हुई। पंचायत में सोशल मीडिया पर बढ़ती अश्लीलता, ‘गन कल्चर’ और नशे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने का फैसला लिया गया। साथ ही खाप पंचायतों से धीरे-धीरे हुक्के को दूर करने पर भी सहमति बनी।
महम चौबीसी खाप के प्रधान सुभाष गोयत ने कहा कि पंचायत में लिए गए फैसलों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सामाजिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समय के साथ खाप पंचायतों में हुक्का भी हटाने का प्रयास किया जाएगा।
8 साल की बच्ची अवनि ने की महापंचायत की शुरुआत
महापंचायत की शुरुआत 8 साल की बच्ची अवनि ने की। उसने कहा कि समाज से इस ‘गंदे कल्चर’ को खत्म करना होगा। पंचायत में उत्तर भारत की कई खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों के अलावा हरियाणवी कलाकार भी पहुंचे।
अजय हुड्डा ने धर्मेंद्र हुड्डा के पिता का कराया परिचय
पंचायत में हरियाणवी सिंगर और लिरिसिस्ट अजय हुड्डा ने जाट आंदोलन मामले में फरार चल रहे धर्मेंद्र हुड्डा के पिता का परिचय कराया। इस दौरान धर्मेंद्र हुड्डा के पिता भरी पंचायत में हाथ जोड़कर खड़े रहे।
अजय हुड्डा ने कहा कि धर्मेंद्र हुड्डा ने एक बड़ी मुहिम शुरू की है। उन्होंने कहा, “मैं भी दूध का धुला नहीं हूं। इंडस्ट्री में आने के बाद गलतियां हुई होंगी, लेकिन अब गलतियों को सुधारना होगा।”
वीर साहू ने बुजुर्गों के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
हरियाणवी कलाकार वीर साहू भी महापंचायत में पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने पंचायत में बैठे बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि वह इस खाप के सिपाही हैं और युवाओं के जुड़ने से ही खाप व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
पंचायत में देव कुमार देवा और रमकेश जीवनपुरिया समेत कई कलाकारों ने भी पहुंचकर पंचायत में उठाए गए मुद्दों का समर्थन किया।
कलाकार बोले- अश्लीलता के लिए जनता भी जिम्मेदार
सिंगर देव कुमार देवा ने कहा कि अश्लील कंटेंट के लिए केवल कलाकार या डांसर जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि जनता भी इसके लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम आयोजित करने वाली कमेटियां अश्लील डांस के लिए कलाकारों को बुलाना बंद कर देंगी तो अश्लीलता भी कम होगी।
सपना चौधरी को गाली देने के बाद चर्चा में आया था धर्मेंद्र हुड्डा विवाद
बता दें कि धर्मेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया पर हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी और प्रिया रेवाड़ी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उन्हें अश्लील कंटेंट फैलाने वालों की मुखिया तक बताया गया था। इसके बाद यह मामला काफी चर्चा में आया था। महम चौबीसी खाप प्रधान सुभाष गोयत के अनुसार, धर्मेंद्र हुड्डा की मुहिम के बाद ही इस महापंचायत को आयोजित करने की पहल हुई।
महापंचायत में प्रमुख फैसले
- सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
- ‘गन कल्चर’ और नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा।
- अश्लील कंटेंट बनाने और बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर विरोध किया जाएगा।
- पंचायतों में हुक्के को धीरे-धीरे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
- नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामाजिक कार्रवाई की जाएगी।
- कलाकारों ने भविष्य में अश्लील कंटेंट से दूर रहने का आश्वासन दिया।
- सतवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 दुकानों में चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, कैश समेत बाइक बरामद
- दिल्ली स्वरूप नगर के एक फैक्ट्री गोदाम में लगी भीषण आग, 2 की मौत, छत से कूदे 6 लोग
- बंगा में किराएदार के नाबालिग बेटे पर 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, खेलने के बहाने बुलाकर करता था वारदात
- भोजपुर में मंचूरियन खाने से पोती के बाद दादी की भी मौत, अन्य लोगों का इलाज जारी
- ‘डबल इंजन में आग लग गई’, बाढ़ को लेकर केंद्र पर भड़के तेजस्वी, बोले- बिहार के साथ सौतेला व्यवहार



