सिरसा। हरियाणा में दूध के दाम बढ़ाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। किसान और पशुपालक इस मुद्दे पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। सिरसा में हुई बैठक के बाद उन्होंने सरकार को साफ संदेश दिया है। अगर दूध और फैट (वसा) के रेट नहीं बढ़ाए गए तो आंदोलन फिर शुरू होगा। इसके लिए 2 नवंबर की तारीख तय की गई है।
सिरसा में जुटे किसान, पशुपालकों ने भी दिया समर्थन
शनिवार को सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में किसान और पशुपालक एकत्रित हुए। बैठक में दूध के उचित दाम दिलाने को लेकर चर्चा हुई। डेयरी एसोसिएशन से जुड़े लोगों ने भी मांग का समर्थन किया। बैठक में फैसला लिया गया कि 2 नवंबर को सुबह 11 बजे वीटा मिल्क प्लांट के बाहर फिर से जुटेंगे। उस दिन आगे की रणनीति तय की जाएगी।
पहले भी तीन दिन चला था धरना
किसान नेता प्रकाश सिंह ममेरा के मुताबिक, दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर पहले वीटा प्लांट पर तीन दिन तक धरना दिया गया था। धरना समाप्त करते समय 15 दिन बाद दोबारा बैठक करने का फैसला हुआ था। इसी कड़ी में 17 अक्टूबर को बैठक बुलाई गई। अब आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 2 नवंबर का दिन तय किया गया है।
किसानों ने कहा कि अगर तब तक सरकार दूध और फैट के दाम बढ़ाने का फैसला करती है तो ठीक है। ऐसा नहीं हुआ तो वीटा मिल्क प्लांट के बाहर धरना शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि फैट के रेट बढ़ाने की मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
सरकार पर अनदेखी का आरोप
किसान नेता जसवीर भाटी ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन ने अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। दूध के फैट के रेट भी नहीं बढ़ाए गए हैं। इसी नाराजगी के चलते किसान और पशुपालक अब दोबारा आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।
इस मामले में किसान और पशुपालकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा है। उन्होंने मांगों पर प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है।
मिलावटी दूध की जांच कराने की भी मांग
किसानों ने केवल दाम बढ़ाने की मांग ही नहीं उठाई, बल्कि मिलावटी दूध पर रोक लगाने की भी मांग की है। उनका आरोप है कि इन दिनों दूध का उत्पादन कम है, लेकिन प्लांट में दूध की आवक पर्याप्त दिखाई जा रही है। उन्होंने इस स्थिति की जांच कराने की मांग की है।
अब सबकी नजर 2 नवंबर पर है। यदि इससे पहले दूध और फैट के रेट बढ़ाने पर कोई फैसला नहीं होता तो वीटा मिल्क प्लांट के बाहर किसान-पशुपालक आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

