कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून सत्र की तारीख तय हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त 2026 से शुरू करने पर सहमति बनी। बैठक में जल सुरक्षा, महिला उद्यमिता, निजी कोचिंग संस्थानों के नियमन और नर्सिंग होम से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने विश्व बैंक के सहयोग से प्रस्तावित ‘वाटर सिक्योर हरियाणा प्रोग्राम’ को भी हरी झंडी दे दी। इस कार्यक्रम पर करीब 5,714.80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका उद्देश्य प्रदेश में जल संसाधनों की सुरक्षा और जल प्रबंधन को मजबूत करना है।
महिलाओं के स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए मंत्रिमंडल ने हरियाणा राज्य स्टार्टअप नीति-2022 में व्यापक पूरक प्रावधानों को मंजूरी दी है। सरकार का फोकस महिलाओं को स्टार्टअप शुरू करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा।
निजी कोचिंग संस्थानों पर लागू होंगे नए नियम
कैबिनेट ने ‘हरियाणा प्राइवेट कोचिंग संस्थान, रजिस्ट्रेशन और रेगुलेशन नियम, 2026’ को भी मंजूरी प्रदान की है। इसके तहत प्रदेश में संचालित निजी कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण और नियमन के लिए नया ढांचा तैयार होगा।
नर्सिंग होम की स्थापना नीति में संशोधन
बैठक में नर्सिंग होम स्थापित करने की नीति में संशोधन को भी मंजूरी दी गई। सरकार के इस फैसले से नर्सिंग होम की स्थापना और उससे संबंधित नियमों में बदलाव का रास्ता साफ होगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रेस वार्ता में इन फैसलों की जानकारी दी। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा मानसून सत्र में भी प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच चर्चा हो सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


