Haryana Morning News : हरियाणा में आज की सुबह कई बड़ी और अहम खबरों के साथ हुई। रेवाड़ी में तीज का त्योहार देकर लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। झज्जर में राहुल गांधी के बयान पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पलटवार किया। फरीदाबाद में चार स्कूल चलाने वाले रामचंद्र पांडे की वृद्धाश्रम तक पहुंची जिंदगी की कहानी सामने आई। वहीं नौकरी बहाली की मांग को लेकर बर्खास्त हेड कॉन्स्टेबल हरिद्वार से कांवड़ लेकर कैथल लौट रहे हैं। इसके अलावा भगवंत मान और मनोहर लाल की मुलाकात, रणबीर गंगवा का बरवाला दौरा और हिसार में हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी खबरें भी सुर्खियों में हैं। पढ़िए हरियाणा की सुबह की 7 बड़ी खबरें एक नजर में।
1. तीज की खुशियां मातम में बदलीं: बहन के घर त्योहार देकर लौट रहे दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत
रेवाड़ी: रेवाड़ी में तीज का त्योहार देकर बाइक से घर लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
2. राहुल गांधी के टाटा-बाय-बाय वाले बयान पर डॉ. अरविंद शर्मा का पलटवार
झज्जर। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाजपा और आरएसएस के सिस्टम को खत्म कर टाटा-बाय-बाय करने के बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल भ्रम फैलाना रह गया है और उसका पूरा ध्यान किसी भी तरह सत्ता हासिल करने पर केंद्रित है।
3. कभी चार स्कूल चलाते थे, आज वृद्धाश्रम में जिंदगी काट रहे रामचंद्र; बोले- अपनों के बिना सब अधूरा है
फरीदाबाद। कभी बिहार और झारखंड में चार स्कूल चलाने वाले और लाखों रुपये की आमदनी करने वाले 64 वर्षीय रामचंद्र पांडे आज फरीदाबाद के सेक्टर-10 स्थित वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हैं। जिंदगी में सब कुछ अपने दम पर खड़ा करने वाले रामचंद्र के पास आज रहने के लिए छत और खाने की व्यवस्था तो है, लेकिन अपनों का साथ नहीं है। पत्नी से विवाद, एक गंभीर हादसा और परिवार से बढ़ती दूरी ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी।
4. नौकरी बहाली की आस में हरिद्वार से कैथल कांवड़ ला रहे बर्खास्त हेड कॉन्स्टेबल
यमुनानगर। हरियाणा पुलिस से बर्खास्त कैथल के पूर्व हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू अब नौकरी बहाली की मांग को लेकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर पैदल कैथल लौट रहे हैं। उनका कहना है कि जब नीचे बैठे अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी तो अब भगवान के दरबार में न्याय की उम्मीद लेकर निकले हैं।
5. भगवंत मान-मनोहर लाल की मुलाकात, एजेंडा बिजली का, पंजाब में सियासी हलचल
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। आधिकारिक तौर पर बैठक का एजेंडा पंजाब के विद्युत क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे रहे। दोनों नेताओं के बीच राज्य की बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और धान की रोपाई के दौरान किसानों की बढ़ी बिजली मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त विद्युत उपलब्धता सुनिश्चित करने पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई।
6. कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा आज बरवाला दौरे पर, जन संवाद और तिरंगा यात्रा में होंगे शामिल
हिसार। लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा 10 अगस्त को बरवाला क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे आईटीआई बरवाला पहुंचेंगे। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा आईटीआई बरवाला में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे आमजन की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही समस्याओं के समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
7. हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रतीक : शालिनी चेतल
हिसार। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा है कि हर घर तिरंगा अभियान मातृभूमि के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रतीक है। इसलिए हम सभी को बढ़-चढ़कर इस अभियान में प्रतिभागिता करनी चाहिए। उन्होंने यह बात लघु सचिवालय परिसर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगाई गई प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर कही। इस अवसर पर विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्र में तिरंगा यात्राएं भी निकाली गईं।


