Haryana Morning News : चंडीगढ़। हरियाणा में सुबह की शुरुआत कई बड़ी और अहम खबरों के साथ हुई है। हिसार में 5.35 करोड़ रुपये के मकान सौदे को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, वहीं सोनीपत में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा है। फतेहाबाद में कुत्तों के साथ कथित मारपीट का विरोध करने वाले कानून छात्र के मामले में हाई कोर्ट ने आरोपी को अग्रिम जमानत दी है। इसके अलावा विधानसभा के आगामी सत्र में कांग्रेस ने सरकार को घेरने की तैयारी की है और राज्य सरकार नागरिकों को प्रशासनिक सुधारों से जोड़ने के लिए ‘सुधार उत्सव’ आयोजित करने जा रही है। धार्मिक आस्था से जुड़ी खबर में गाजियाबाद के किसान विपिन फफराना की 460 किलोमीटर की दौड़ती हुई कांवड़ यात्रा भी चर्चा में है।

1. हिसार में मकान सौदे के नाम पर 5.35 करोड़ की कथित धोखाधड़ी, तहसीलदार के बेटों और बहू पर FIR

हिसार। सेक्टर-14 में दो मकानों की खरीद-फरोख्त के मामले में 5 करोड़ 35 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सेक्टर-15 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट हिमांशु मित्तल की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद सिटी थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में आजाद सिंह, अजीत सिंह और अजीत सिंह की पत्नी ज्योति शामिल हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, आजाद और अजीत के पिता विजय सिंह तहसीलदार हैं।

शिकायत के मुताबिक, मई 2025 के आखिरी सप्ताह में आरोपियों ने हिमांशु मित्तल से संपर्क कर सेक्टर-14 स्थित दो मकानों को अपना बताते हुए बेचने की पेशकश की थी। दोनों मकानों की कुल कीमत 5 करोड़ 35 लाख रुपये तय हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके और उसकी पत्नी के बैंक खातों से आरोपियों के खातों में रकम ट्रांसफर की गई। बाद में उसे कथित धोखाधड़ी का पता चला। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2. विधानसभा सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी, बैंक घोटालों से लेकर कानून-व्यवस्था तक उठेंगे मुद्दे

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के आगामी सत्र में कांग्रेस ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस विधायक प्रदेश से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़े कथित घोटालों को लेकर कांग्रेस काम रोको प्रस्ताव के जरिए विधानसभा में चर्चा की मांग करेगी।

कांग्रेस कानून-व्यवस्था, बढ़ते संगठित अपराध, प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट के आधार पर बढ़ाए जा रहे टैक्स का मुद्दा भी उठाएगी। इसके अलावा बारिश के बाद जलभराव, किसानों के मुआवजे, बिजली कर्मचारियों की मांगों, गुरुग्राम में बिजली के निजीकरण, गेस्ट टीचर्स और सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

3. विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति-सास-ससुर पर हत्या का आरोप

सोनीपत। कुमासपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति, सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। बहालगढ़ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, मृतका मोनिका की शादी वर्ष 2012 में कुमासपुर निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज को लेकर परेशान किया जाता था। घटना से पहले मोनिका ने अपने परिजनों से फोन पर बातचीत भी की थी। अगले दिन तड़के उसकी मौत की सूचना मिली। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

4. बेजुबान के लिए आवाज उठाने पर लॉ छात्र से हैवानियत का आरोप, आरोपी को हाई कोर्ट से राहत

चंडीगढ़। फतेहाबाद में कुत्तों के साथ कथित मारपीट का विरोध करना एक कानून छात्र को भारी पड़ गया। छात्र ने आरोप लगाया कि विरोध करने से नाराज होकर कुछ लोगों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए और उसके साथ मारपीट की। शिकायत में छात्र ने कपड़े उतरवाकर अपमानित करने और गर्म हीटिंग रॉड पर पेशाब करने के लिए मजबूर किए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

मामला पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट पहुंचा, जहां जस्टिस विक्रम अग्रवाल की पीठ ने आरोपी को अग्रिम जमानत दे दी। अदालत ने माना कि आरोपी जांच में शामिल हो चुका है और जांच में सहयोग कर रहा है। मौजूदा परिस्थितियों में हिरासत में लेकर पूछताछ की आवश्यकता नहीं होने के आधार पर अदालत ने राहत प्रदान की। मामले में जांच अभी जारी है।

5. हरियाणा में जनता बताएगी, प्रशासन कैसे सुधरेगा, अक्टूबर से दिसंबर तक चलेगा ‘सुधार उत्सव’

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने जा रही है। इसके लिए अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक ‘सुधार उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान गांवों से लेकर शहरों तक लोगों से प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव लिए जाएंगे।

सरकार की योजना के मुताबिक नागरिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अन्य माध्यमों से अपने सुझाव दे सकेंगे। प्राप्त सुझावों की संबंधित विभागों द्वारा समीक्षा की जाएगी और उपयोगी सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। 2 अक्टूबर से प्रदेश की ग्राम पंचायतों में ‘जन मंथन सभाएं’ भी आयोजित होंगी। ऑनलाइन प्रक्रिया में सहायता के लिए कॉमन सर्विस सेंटर और ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों के माध्यम से हेल्प डेस्क उपलब्ध कराने की योजना है।

6. गंगोत्री से गांव तक 460 KM दौड़े शिवभक्त विपिन, 99 घंटे में पूरी की कांवड़ यात्रा

चंडीगढ़। महादेव के प्रति आस्था और संकल्प की मिसाल पेश करते हुए गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र के गांव फफराना निवासी 42 वर्षीय किसान विपिन फफराना ने अनोखी कांवड़ यात्रा पूरी की। उन्होंने गंगोत्री से अपने गांव तक करीब 460 किलोमीटर की दूरी 99 घंटे में दौड़ते हुए पूरी की।

विपिन की यह यात्रा भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था और संकल्प से जुड़ी रही। यात्रा के दौरान उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपना संकल्प पूरा किया। गांव पहुंचने के बाद उन्होंने कमर में जलहरी बांधकर महादेव का जलाभिषेक किया। उनकी इस यात्रा को लेकर स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m