Haryana Morning News : हरियाणा में आज सुबह कई अहम खबरें सामने आई हैं। गुरुग्राम में महिला कैब चालक के साथ EV चार्जिंग स्टेशन पर कथित अभद्र व्यवहार का मामला चर्चा में है, वहीं रोहतक में चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैथल में पत्रकार से कथित बदसलूकी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। सोनीपत में पॉश सोसाइटी के फ्लैट में कथित भ्रूण लिंग जांच का मामला पकड़ा गया है। इसके अलावा उत्तराखंड की ताइक्वांडो खिलाड़ी के डेढ़ लाख रुपये मांगने के आरोप और हरियाणा में फिर सक्रिय हो रहे मानसून को लेकर भी खबरें सुर्खियों में हैं।
1. महिला कैब चालक के साथ EV स्टेशन पर अश्लील हरकत
गुरुग्राम। सेक्टर-29 स्थित सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन पर एक महिला कैब ड्राइवर के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि चार्जिंग स्टेशन पर मौजूद एक अन्य ड्राइवर ने मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक सामग्री चलाकर उसकी स्क्रीन जानबूझकर उसकी ओर कर दी। महिला ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
2. चलती कार में अचानक लगी आग, शीला बाईपास के नीचे मचा हड़कंप; चालक ने कूदकर बचाई जान
रोहतक। रोहतक के शीला बाईपास पुल के नीचे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार धू-धूकर जलने लगी। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कार रोक दी और किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
3. जीवन कुंडू हत्याकांड में हिसार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार
हिसार। बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में हिसार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई खाप पंचायतों और किसान संगठनों की ओर से दिए गए 13 अगस्त तक के अल्टीमेटम के आखिरी दिन की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित निवासी भाटला और साहिल निवासी सिंघवा राघो के रूप में हुई है।
4. पत्रकार से बदसलूकी पर कांग्रेस का BJP पर हमला
चंडीगढ़। कैथल में वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र पुरी के साथ कथित तौर पर गिरेबान पकड़ने और धक्का-मुक्की किए जाने की घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ गंभीर दुर्व्यवहार बताते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और उनकी सरकार को घेरा है।
5. आलीशान सोसाइटी के फ्लैट में चल रहा था भ्रूण लिंग जांच का खेल
सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर स्थित पॉश TDI एस्पानिया सोसाइटी के एक फ्लैट में चल रहे कथित भ्रूण लिंग जांच के गोरखधंधे का स्वास्थ्य विभाग ने भंडाफोड़ किया है। PNDT अधिकारियों की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फ्लैट में छापा मारा और दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। टीम ने वहां से दो अवैध अल्ट्रासाउंड मशीनों के साथ प्रतिबंधित दवाइयां और इंजेक्शन भी बरामद किए हैं।
6. खिलाड़ी के आंसू, ‘डेढ़ लाख’ का आरोप और धामी का ‘बैठ जाओ’… हरियाणा कांग्रेस ने BJP सरकार पर साधा निशाना
चंडीगढ़। उत्तराखंड में राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी की ओर से अंतरराष्ट्रीय चयन के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे जाने के आरोप ने सियासी तूल पकड़ लिया है। खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने अपनी बात रखते हुए दावा किया कि नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उसका इंटरनेशनल स्तर के लिए चयन हुआ था, लेकिन उससे डेढ़ लाख रुपये मांगे गए। पैसे नहीं देने के कारण वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकी।
7. हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय : आज हल्की तो कल से तेज बारिश का ‘येलो अलर्ट’
चंडीगढ़। हरियाणा में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण कई इलाकों में उमस बढ़ी है और तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अब मौसम विभाग ने शुक्रवार, 14 अगस्त से प्रदेश में मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना जताई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


