Haryana Morning News : हरियाणा में रविवार की सुबह कई बड़ी खबरों के साथ हुई है। सावन की बारिश से भिवानी में जलभराव, गुरुग्राम में एग्रीप्रेन्योरशिप इंस्टीट्यूट, Gen-Z को लेकर CM नायब सैनी का संदेश, अग्निवीर भर्ती में ठगी का मामला, गुमशुदगी पर नई पुलिस SOP, हिसार में पुलिस की कार्रवाई, यमुनानगर में तिरंगा यात्रा और 396 निजी स्कूलों पर कार्रवाई जैसे मुद्दे आज चर्चा में हैं। सुबह की सभी बड़ी और अहम खबरों पर डालते हैं एक नजर।
1. सावन की पहली ही बारिश में डूबा भिवानी, प्रशासन के दावों की निकली हवा
भिवानी। लगातार दो दिन हुई सावन की रुक-रुककर बरसात ने जहां मौसम सुहावना कर लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं शहर में जगह-जगह हुए जलभराव ने प्रशासन के इंतजामों की पोल खोलकर रख दी। बरसात रुकने के 14 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी शहर के अधिकांश हिस्सों में पानी जमा रहा। इससे नागरिक परेशान रहे, जबकि उनकी समस्याओं को दूर करने का दावा करने वाले जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पर भी सवाल उठते रहे।
2. गुरुग्राम में खुलेगा एग्रीप्रेन्योरशिप इंस्टीट्यूट
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार कृषि को पारंपरिक खेती से आगे ले जाकर युवाओं को एग्री-बिजनेस, स्टार्टअप और कृषि उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। गुरुग्राम के गांव दौलताबाद में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार की ओर से स्थापित किए जा रहे बिजनेस मैनेजमेंट एंड एग्रीप्रेन्योरशिप इंस्टीट्यूट के लिए स्थायी वित्त समिति ‘सी’ ने आवश्यक बजटीय प्रावधानों को मंजूरी दे दी है।
3. Gen-Z से भिड़ना नहीं, पहले सुनना होगा: नायब सैनी
चंडीगढ़। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हालिया घटनाक्रम के बाद हरियाणा भाजपा ने नई पीढ़ी के साथ संवाद को लेकर अपनी रणनीति पर फोकस बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया है कि जेन-जी (Gen-Z) के साथ टकराव की राजनीति नहीं, बल्कि संवाद और भरोसे की राजनीति अपनानी होगी।
4. अग्निवीर भर्ती के बाहर फर्जी पहुंच का खेल, दो युवक गिरफ्तार
चंडीगढ़। अग्निवीर बनने की चाह लेकर भर्ती रैली में पहुंचे युवाओं को निशाना बनाने वाले एक कथित ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के बाहर दो युवक अभ्यर्थियों को अपनी कथित ऊंची पहुंच का झांसा देकर फंसाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
5. गुमशुदगी की सूचना मिलते ही एक्शन में आएगी पुलिस
चंडीगढ़। गुमशुदा व्यक्ति की तलाश को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव किया गया है। नई SOP (Standard Operating Procedure—मानक कार्यप्रणाली) के तहत अब किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी होगी। व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि कोई गुमशुदा व्यक्ति दूसरे जिले या राज्य में पहुंच जाए, तो उसकी जानकारी बिना देरी संबंधित पुलिस एजेंसियों तक पहुंच सके और तलाश का दायरा तुरंत बढ़ाया जा सके।
6. अर्बन एस्टेट फायरिंग मामले में CIA हिसार की बड़ी कार्रवाई
हिसार। अर्बन एस्टेट क्षेत्र में हुई फायरिंग की वारदात के मामले में CIA हिसार ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की तलाश के दौरान सतरोड़ साउथ बाईपास पुल के पास पुलिस टीम और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई और जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों को गोली लगी। वहीं, पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी राउंड अप किया है।
7. यमुनानगर में 12 से 14 अगस्त तक बीजेपी की तिरंगा यात्रा
यमुनानगर। हरियाणा में बीजेपी अब तिरंगे के सहारे देशभक्ति का संदेश देने मैदान में उतरने जा रही है। यमुनानगर जिले की चारों विधानसभाओं में 12 से 14 अगस्त तक भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। रादौर में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा खुद यात्रा की अगुवाई करेंगे, तो जगाधरी में पूर्व कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर मोर्चा संभालेंगे।
8. हरियाणा के 396 निजी स्कूलों पर मान्यता का संकट
चंडीगढ़। हरियाणा में शिक्षा का अधिकार यानी RTE कानून के तहत नियमों का पालन नहीं करने वाले निजी स्कूलों पर शिक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में RTE सीटों की घोषणा नहीं करने और मान्यता से जुड़े दस्तावेजों में कमी पाए जाने के बाद प्रदेश के 396 निजी स्कूलों के मामले कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


