हरियाणा के आगामी नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा ने अपने धुरंधरों को मैदान में उतार दिया है। सोनीपत से राजीव जैन, अंबाला से अक्षिता सैनी और पंचकूला से श्याम लाल बंसल के नाम फाइनल होते ही कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पार्टी नेताओं का दावा है कि तीनों शहरों में 'ट्रिपल इंजन' की सरकार बनेगी।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा नगर निगम चुनाव (Municipal Election) के लिए बीजेपी ने जैसे ही अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए, कार्यकर्ताओं में जोश की लहर दौड़ गई। सोनीपत में निवर्तमान मेयर राजीव जैन को दोबारा टिकट मिलने पर उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार और विधायक निखिल मदान समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ का नारा देते हुए संकल्प लिया कि सोनीपत की जनता एक बार फिर विकास के नाम पर मुहर लगाएगी।
अंबाला और पंचकूला में ‘भगवा’ का शोर
अंबाला शहर से पार्टी ने पुराने जनसंघी परिवार की अक्षिता सैनी पर भरोसा जताया है। उनके नाम की घोषणा होते ही पूर्व मंत्री असीम गोयल और समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर जीत का दावा किया। कार्यकर्ताओं का मानना है कि साफ-सुथरी छवि और पारिवारिक जुड़ाव का फायदा चुनाव में जरूर मिलेगा। वहीं, पंचकूला में वरिष्ठ नेता श्याम लाल बंसल को उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट फाइनल होने के बाद बंसल ने कहा कि जनता बीजेपी की नीतियों से खुश है और इस बार भी जीत का अंतर ऐतिहासिक होगा।
एकजुट होकर मैदान में उतरी बीजेपी
प्रत्याशियों के चयन के बाद अब बीजेपी पूरी तरह से चुनावी मोड (Election Mode) में आ गई है। पार्टी के दिग्गजों का कहना है कि टिकट वितरण में अनुभव और निष्ठा का पूरा ध्यान रखा गया है। देर रात तक चले बैठकों के दौर के बाद नेताओं ने दावा किया कि तीनों नगर निगमों में विरोधी दलों का सूपड़ा साफ हो जाएगा। कार्यकर्ताओं की फौज अब घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाने की तैयारी में जुट गई है, ताकि तीनों सीटों पर ‘भगवा’ लहराया जा सके।

