अजय सैनी, भिवानी. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day 2026) के उपलक्ष्य में हरियाणा के भिवानी स्थित प्रसिद्ध हनुमान ढाणी के हनुमान जोहड़ी मंदिर में रविवार से ‘दैनिक योग यज्ञ एवं ज्ञान पखवाड़ा’ कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। आयुष विभाग (Ayush Department) द्वारा मंदिर परिवार के सहयोग और युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट के बैनर तले इस राज्य-स्तरीय अभियान के तहत जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस भव्य आयोजन में 10 साल के बच्चों से लेकर 55 साल तक के बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के कठिन आसनों का बेहतरीन प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम में मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज का विशेष सान्निध्य रहा।
योग केवल कसरत नहीं, आत्मा और बुद्धि को शुद्ध करने का माध्यम
कार्यक्रम में उपस्थित भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए हनुमान जोहड़ी मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने योग को जीवन का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा, योग केवल शरीर को मोड़ने या कसरत करने का नाम नहीं है। यह हमारी आत्मा, मन और बुद्धि को शुद्ध करने का एक दिव्य माध्यम है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और मानसिक तनाव के बीच योग ही इंसान को आंतरिक शांति और पूर्ण स्वास्थ्य दे सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारे प्राचीन ऋषियों-मुनियों ने योग के रूप में हमें एक अनमोल धरोहर सौंपी है। हनुमान जोहड़ी मंदिर में शुरू हुआ यह पखवाड़ा भिवानी और पूरे प्रदेश के नागरिकों को स्वास्थ्य और सकारात्मकता की ओर ले जाने का काम करेगा।
दो आयु वर्गों में कड़ा मुकाबला, महिलाओं और युवाओं में दिखा भारी उत्साह
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता (District Level Yoga Competition) को दो मुख्य आयु वर्गों (Age Groups) में विभाजित किया गया था, जिसमें लड़कों और लड़कियों के अलग-अलग मुकाबले हुए.
10 से 18 आयु वर्ग वर्ग में बच्चों और स्कूली छात्रों ने अपनी शारीरिक चपलता, लचीलेपन और एकाग्रता का शानदार परिचय दिया। 18 से 55 आयु वर्ग वर्ग में कामकाजी पुरुषों, गृहणियों और वयस्कों ने हिस्सा लेकर यह साबित किया कि योग के लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती।
आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने सिखाए प्राणायाम और ध्यान के वैज्ञानिक तरीके
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग से आए वरिष्ठ योग विशेषज्ञों (Yoga Experts) ने साधकों को योग की सूक्ष्म बारीकियां और इसके वैज्ञानिक महत्व को समझाया। विशेषज्ञों ने न केवल कठिन आसनों का अभ्यास कराया, बल्कि प्राणायाम और ध्यान (Meditation) के सही तरीकों की लाइव ट्रेनिंग दी। उन्होंने बताया कि सही श्वसन प्रक्रिया (Breathing Techniques) अपनाकर कैसे लोग गंभीर और असाध्य बीमारियों से खुद को दूर रख सकते हैं।
इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवियों और युवाओं सहित राजीव मित्तल, सुशील गुप्ता, संजय गुप्ता, अमित गोयल, राकेश सोनी, ओमवीर कौशिक, विक्रम कांगड़ा, दीपक जांगड़ा, राहुल शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

