हांसी। ऐतिहासिक पृथ्वीराज चौहान किले पर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सेल्फी लेने के दौरान एक कॉलेज छात्रा अचानक करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। छात्रा के गिरने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, लेकिन आरोप है कि काफी देर तक लोग मदद के लिए आगे आने के बजाय घटना को देखते और वीडियो बनाते रहे। आखिरकार पतंग उड़ा रहे कुछ बच्चों ने पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी, जिसके बाद होमगार्ड मौके पर पहुंचा और घायल छात्रा को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

घायल छात्रा की पहचान हांसी के सोरखी गांव निवासी 20 वर्षीय अंजलि के रूप में हुई है। वह हिसार के गवर्नमेंट कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे अंजलि किले पर पहुंची थी। इसी दौरान वह किले के ऊपरी हिस्से से आमटी तालाब की तरफ मौजूद गहरी ढलान में जा गिरी।

बताया जा रहा है कि किले पर मौजूद कुछ बच्चे उस समय पतंग उड़ा रहे थे। उन्होंने छात्रा को नीचे गिरते देखा और उसकी चीख सुनकर शोर मचाया।

आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। होमगार्ड राजेश के अनुसार, मौके पर करीब सौ लोग जमा थे, लेकिन घायल छात्रा को खाई से बाहर निकालने के लिए तत्काल कोई आगे नहीं आया। आरोप है कि कुछ लोग घटना का वीडियो बनाने में लगे रहे।

इसके बाद बच्चों ने किला बाजार पुलिस चौकी पहुंचकर वहां मौजूद होमगार्ड को सूचना दी। सूचना मिलते ही होमगार्ड राजेश अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। छात्रा करीब 50 फीट नीचे खाई में खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। होमगार्ड ने उसे बाहर निकाला और उठाकर तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में अंजलि के गले, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हिसार रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद छात्रा के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस के मुताबिक, किले के गार्ड ने बताया कि छात्रा अकेली ही किले पर आई थी। घटनास्थल के ऊपर उसका बैग और चुन्नी भी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा किन परिस्थितियों में किले से नीचे गिरी और हादसे से ठीक पहले वहां क्या हुआ था।

रोज शाम घर लौटती थी अंजलि

परिजनों के अनुसार अंजलि आमतौर पर शाम करीब 5 से 5:30 बजे तक घर लौट आती थी। बुधवार को जब वह तय समय पर घर नहीं पहुंची और किले से गिरने की सूचना मिली तो परिवार में चिंता फैल गई। गांव के सरपंच के माध्यम से पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।

अंजलि के पिता सतबीर कबाड़ी का काम करते हैं, जबकि उसका छोटा भाई हांसी के राजकीय महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और छात्रा के किले तक पहुंचने तथा उसके गिरने की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m