कुरुक्षेत्र: बुढ़ापा पेंशन के लिए 1 लाख 80 हजार रुपये की सालाना आय सीमा को लेकर इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। कुरुक्षेत्र पहुंचे अभय चौटाला ने कहा कि सरकार को बुजुर्गों की पेंशन पर लगाया गया यह कैप (आय सीमा) तुरंत हटाना चाहिए, अन्यथा इनेलो इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी।

अभय चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान और आर्थिक सहारे के लिए पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल ने बुढ़ापा पेंशन की शुरुआत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार नियमों के नाम पर बुजुर्गों को परेशान और अपमानित कर रही है, जिसे इनेलो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

‘कैप हटाओ, नहीं तो सब पर लागू करेंगे’
इनेलो सुप्रीमो ने सरकार को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बुढ़ापा पेंशन से 1.80 लाख रुपये की आय सीमा नहीं हटाई गई, तो इनेलो हर वर्ग के लिए इसी तरह की सीमा लगाने की मांग करेगी।

उन्होंने कहा कि यह नियम सिर्फ बुजुर्गों पर लागू नहीं होना चाहिए। चाहे विधायक हो, सांसद हो या आईपीएस अधिकारी, किसी को भी इससे अलग नहीं रखा जाएगा।

अभय चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इनेलो इस मुद्दे पर बुजुर्गों के साथ खड़ी है और उनके सम्मान की लड़ाई को सड़क से लेकर हर स्तर तक मजबूती से लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने अगर जल्द इस आय सीमा को हटाने का फैसला नहीं लिया तो इनेलो बुजुर्गों के सम्मान में बड़ी लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m