गुरुग्राम/हांसी। हरियाणा पुलिस के 48 वर्षीय जवान नरेंद्र दलाल का शनिवार सुबह ट्रेनिंग के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे हांसी के पास स्थित गांव कुंभा के निवासी थे और वर्तमान में गुरुग्राम के भौंडसी स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में एएसआई पद के लिए ढाई महीने से कोर्स कर रहे थे।
अचानक सीने में हुआ दर्द
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे परेड के दौरान उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ और वे जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथी कर्मियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नरेंद्र दलाल 24 साल पहले पुलिस बल में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
गांव में शोक की लहर
नरेंद्र दलाल के निधन की खबर मिलते ही गांव कुंभा में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके भाई राजेश दलाल और परिवार के अन्य सदस्य गुरुग्राम पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। विभाग के साथियों और ग्रामीणों ने इसे पुलिस बल के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।

