कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: इंटरनेट और सोशल मीडिया पर हिंसा, हथियार और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने एक बेहद कड़ा डिजिटल स्ट्राइक किया है। पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) और साइबर यूनिट ने एक संयुक्त अभियान चलाकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से 67 आपत्तिजनक गानों को हटवा दिया है, जो युवाओं में हथियारों और हिंसा के महिमामंडन को बढ़ावा दे रहे थे। इसके साथ ही, युवाओं के कट्टरपंथीकरण और उन्हें अपराध की ओर धकेलने में इस्तेमाल हो रहे 12 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी ब्लॉक करवा दिया गया है।
कानूनी हंटर और टेक प्लेटफॉर्म्स को नोटिस
डिजिटल स्पेस को सुरक्षित और अपराध-मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने तकनीकी कंपनियों पर कानूनी शिकंजा कसा है। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 की धारा 79(3)(b) और आईटी नियम 2021 के प्रावधानों के तहत विभिन्न ऑनलाइन मध्यस्थों (सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स) को सख्त नोटिस भेजे गए थे। इन कानूनी नोटिसों का सीधा असर यह हुआ कि कंपनियों को ऐसे सभी हिंसक और भड़काऊ गानों को अपने प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाना पड़ा।
कट्टरपंथी नेटवर्क पर प्रहार
पुलिस की इस डिजिटल कार्रवाई की जद में आतंकवादी नेटवर्क भी आए हैं। विशेष रूप से आतंकवादी शहजाद भट्टी और उससे जुड़े नेटवर्क द्वारा संचालित किए जा रहे 12 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इन हैंडल्स का इस्तेमाल सीधे तौर पर युवाओं को भड़काने और उनके कट्टरपंथीकरण के लिए किया जा रहा था।
भटके युवाओं की राह सुधारने के लिए काउंसलिंग
यह अभियान केवल कानूनी और तकनीकी कार्रवाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस सामाजिक सुधार की दिशा में भी काम कर रही है। सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर और गन कल्चर के प्रभाव में आ चुके करीब 200 युवाओं की पहचान कर उनकी विशेष काउंसलिंग की गई है। इस मानवीय पहल का उद्देश्य इन युवाओं को अपराध की दलदल में फंसने से पहले ही सही राह पर वापस लाना है।
हाई कोर्ट के आदेश और लाइक-शेयर करने वालों पर पैनी नजर
यह पूरी कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के उन सख्त दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है, जिसमें गन कल्चर और डिजिटल स्पेस में बढ़ रहे अपराध को रोकने के आदेश दिए गए थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उनकी रडार पर केवल अपराधी ही नहीं, बल्कि उनके समर्थक भी हैं। सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों की पोस्ट या उनकी तस्वीरों को लाइक और शेयर करने वाले यूज़र्स की भी कड़ी निगरानी की जा रही है, ताकि वर्चुअल दुनिया में पल रहे इस अपराध तंत्र को जड़ से खत्म किया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

