चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने मंगलवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 46 हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इस बदलाव के तहत राज्य के कई जिलों में डीएसपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

इस फेरबदल में पानीपत, सिरसा, रोहतक और गुरुग्राम जैसे अहम जिलों में नए डीएसपी और एसीपी तैनात किए गए हैं। साथ ही एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में भी कई अधिकारियों की अदला-बदली की गई है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में एसीपी स्तर पर विशेष रूप से बदलाव देखने को मिला है।

इसके अलावा एसीबी, सीआईडी, एचएसएनसीबी और आईआरबी जैसी विशेष इकाइयों में भी अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। कुछ अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग से हटाकर स्पेशल यूनिट्स में भेजा गया है, जबकि कई को महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव जारी

इससे पहले शुक्रवार को भी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 5 आईएएस और 15 एचसीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। आईएएस अधिकारी विजय कुमार सिद्धप्पा भाविकट्टी को राज्यपाल का सचिव, श्रम आयुक्त और श्रम विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

वहीं, विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव अनीश यादव को हैफेड और हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चरल मार्केटिंग कॉरपोरेशन, गन्नौर का प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा आईएएस अधिकारी डॉ. सुभिता ढाका को रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां नियुक्त किया गया है।