चंडीगढ़: हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की 21 और 22 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल को लेकर मंगलवार देर शाम परिवहन मंत्री अनिल विज और रोडवेज यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद तस्वीर कुछ बदलती नजर आ रही है। बातचीत के दौरान कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनने और उन्हें एक महीने में पूरा करने के आश्वासन के बाद यूनियन ने फिलहाल हड़ताल को लेकर अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। हालांकि अंतिम फैसला अभी सभी जिलों के प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, परिवहन मंत्री के साथ बातचीत सकारात्मक रही। मंत्री ने उनकी प्रमुख मांगों को एक महीने के भीतर पूरा करने का भरोसा दिया है। इसी आश्वासन के बाद फिलहाल 21-22 सितंबर की हड़ताल को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
यूनियन अब अलग-अलग जिलों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेगी और बैठक में हुई सहमति पर विचार किया जाएगा। इसके बाद तय होगा कि प्रस्तावित हड़ताल होगी या उसे स्थगित किया जाएगा। ऐसे में रोडवेज की हड़ताल को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
लंबे समय से चल रहा था आंदोलन
रोडवेज कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने धरने और प्रदर्शन किए तथा अपनी मांगों को लेकर परिवहन मंत्री के आवास का घेराव भी किया था। हाल ही में 21 और 22 सितंबर को हड़ताल का ऐलान किया गया था।
सिरसा में भी रोडवेज यूनियनों ने मंत्री के साथ बैठक से एक दिन पहले सोमवार को महाप्रबंधक अजय दलाल को मांग पत्र सौंपा था। कर्मचारियों ने सरकार को अपनी मांगों से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया था कि समाधान नहीं होने की स्थिति में उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
ड्राइवर-कंडक्टर के विवादों पर भी बनी बात
बैठक में रोडवेज चालकों और परिचालकों के साथ होने वाले विवादों का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन के मुताबिक, परिवहन मंत्री ने सभी जिलों में ऐसे मामलों के समाधान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आश्वासन दिया है।
यूनियन का कहना है कि बसों में कई बार यात्रियों या शरारती तत्वों के साथ विवाद होने पर कर्मचारियों को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। कई मामलों में यूनियन पदाधिकारियों को ही थाने से लेकर जमानत तक की प्रक्रिया संभालनी पड़ती थी। कर्मचारियों की समस्याओं की सुनवाई के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी होने से ऐसी परिस्थितियों में उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है।
अब जिलों की राय के बाद होगा फैसला
यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि मंगलवार की बैठक में हड़ताल खत्म करने या स्थगित करने का अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अब सभी जिलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की जाएगी। सिरसा यूनियन भी अपने स्तर पर बैठक कर परिवहन मंत्री के आश्वासन पर विचार करेगी।
इसके बाद ही 21-22 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर अंतिम निर्णय सामने आएगा। फिलहाल मंत्री के साथ बनी सहमति ने आंदोलन की दिशा जरूर बदल दी है और कर्मचारियों के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।
बैठक में राज्य महासचिव चमन लाल स्वामी, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान सतबीर कड़वासरा, उप प्रधान सतपाल कागदाना, डिपो सचिव प्रवीण बालसमंद, महासंघ से सुरेंद्र स्वामी, बीएमएस से विनोद स्वामी, जागृति मंच से अमरजीत प्रधान, सर्व कर्मचारी संघ से कृष्ण माचरा, आरसी झोरड़ और परिचालक कौशल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



