सोनीपत, 02 अगस्त। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, IPS, ADGP के निर्देशानुसार साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गढ़ी ब्राह्मणान, सोनीपत में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में साइबर सेल सोनीपत से साइबर एक्सपर्ट मुख्य सिपाही अमित कुमार मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लिंक, OTP एवं बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

साइबर एक्सपर्ट ने विद्यार्थियों को समझाया कि OTP, ATM/डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी, UPI PIN, पासवर्ड एवं अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान ऐप डाउनलोड करने से भी बचें।

विद्यार्थियों को साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से शिकायत करने के बारे में भी जानकारी दी गई।

सोनीपत पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।