चंडीगढ़। हरियाणा के स्कूली बच्चों के लिए बड़ी खबर है। आज सोमवार, 17 अगस्त को प्रदेश के 12 जिलों में सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (DEEO) की ओर से 16 अगस्त को इस संबंध में आदेश जारी कर सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEO) को निर्देश दिए गए हैं।

आदेश के अनुसार पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, अंबाला, करनाल, हिसार, चरखी दादरी, हांसी, फरीदाबाद, कैथल, रोहतक और झज्जर में 17 अगस्त को स्कूलों में अवकाश रहेगा।

यह छुट्टी 15 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोहों में स्कूली बच्चों और शिक्षकों की भागीदारी को देखते हुए दी गई है। विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया था।

झज्जर में छुट्टी की घोषणा होते ही गूंज उठीं तालियां

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान झज्जर में मंत्री आरती राव ने 17 अगस्त को छुट्टी की घोषणा की तो बच्चों में खुशी की लहर दौड़ गई। घोषणा होते ही बच्चों ने तालियां बजाकर खुशी जताई। समारोह स्थल कुछ देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

वहीं, महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने 15 अगस्त को पंचकूला जिले के सभी स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश की घोषणा की थी। इसके बाद DEEO की ओर से जारी आदेश में जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कैथल और अंबाला में इन स्कूलों में रहेगी छुट्टी

आदेश के मुताबिक अधिकांश जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि कैथल और अंबाला में अवकाश उन स्कूलों में रहेगा, जिनके विद्यार्थी स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए थे।

DEEO ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी संबंधित सरकारी और निजी स्कूलों तक आदेश की सूचना तत्काल पहुंचाएं। साथ ही स्कूल प्रबंधन को 17 अगस्त के अवकाश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यानी इन 12 जिलों के विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्रता दिवस के बाद सोमवार को छुट्टी का दिन रहेगा और स्कूलों में नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m