चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरियाणा में 17 सितंबर से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी और 17 अक्टूबर को इसका समापन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में प्रेस वार्ता कर अभियान की रूपरेखा और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

अभियान के पहले दिन प्रदेश में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। वहीं शाम 7 बजे हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 17 सितंबर की शाम अपने घर पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प के प्रति अपनी भावना व्यक्त करें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 2 अक्टूबर को नुक्कड़ नाटक, संगीत और संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की यात्रा को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की ऐसी कहानियां भी सामने लाई जाएंगी, जो आम तौर पर चर्चा में नहीं आ पातीं।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित किया जाएगा। अभियान के तहत देश के 25 लाख नागरिकों की परिवर्तन कथाओं को भी आम लोगों तक पहुंचाने की योजना है। गांवों और जिलों में पदयात्राओं तथा बाइक रैलियों का आयोजन भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा का अर्थ केवल किसी एक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेगा। अभियान में प्रत्येक नागरिक से कम से कम 25 मिनट समाज के लिए देने की अपील की गई है। कोई व्यक्ति रक्तदान कर सकता है, कोई पौधारोपण या स्वच्छता अभियान से जुड़ सकता है, जबकि बुजुर्गों को डिजिटल तकनीक सिखाना, जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाना, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य और अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाना भी सेवा के रूप में शामिल किया गया है।

अभियान के दौरान प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक विशेष सेवा यात्राएं भी प्रस्तावित हैं। ये यात्राएं 20 अलग-अलग टोलियों और मार्गों से करीब 10 राज्यों से होकर गुजरेंगी। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी तथा उनके लाभ से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

युवाओं और नए प्रयोग करने वालों के लिए ‘इनोवेशन चैलेंज’ भी अभियान का हिस्सा होगा। इसमें विद्यार्थी, स्टार्टअप, पेशेवर और जमीनी स्तर पर नवाचार करने वाले लोग हिस्सा ले सकेंगे। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में अपने नवाचार प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में युवा संवाद और उत्कृष्ट नवाचारों के लिए पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने इस यात्रा को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने पर जोर दिया। सैनी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में हरियाणा को भी बड़ी परियोजनाओं और केंद्र की योजनाओं के माध्यम से व्यापक लाभ मिला है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री 18 बार हरियाणा आ चुके हैं और करीब 86 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात प्रदेश को दी गई है।

उन्होंने पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे, केएमपी और केजीपी एक्सप्रेसवे, मेट्रो परियोजनाओं, रोहतक-कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, रोहतक-महम-हांसी रेलवे लाइन, रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर, झज्जर के राष्ट्रीय कैंसर संस्थान और रेवाड़ी एम्स समेत कई परियोजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में जींद-सोनीपत रेलमार्ग पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भी किया गया है।

प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यकाल में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान, युवा, स्टार्टअप, खेल, राष्ट्रीय सुरक्षा, संस्कृति और तकनीक के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह पड़ाव किसी विराम का संकेत नहीं है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की शुरुआत है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन 17 अक्टूबर को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस कार्यक्रम में देशभर से करीब सवा लाख सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। हरियाणा से भी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के इसमें भाग लेने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सेवा और जनभागीदारी की भावना को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है।