Haryana SGST Collection : चंडीगढ़। हरियाणा ने वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों में राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) संग्रह वृद्धि के मामले में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश ने राष्ट्रीय औसत 13 प्रतिशत के मुकाबले 28 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज कर अपनी मजबूत आर्थिक स्थिति और बेहतर कर प्रशासन का परिचय दिया है।

आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 में हरियाणा का पोस्ट-सेटलमेंट एसजीएसटी संग्रह 5,135 करोड़ रुपये रहा। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों (अप्रैल से जुलाई) के दौरान प्रदेश का पोस्ट-सेटलमेंट एसजीएसटी संग्रह 19,680 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में प्राप्त 15,055 करोड़ रुपये की तुलना में 28 प्रतिशत अधिक है।

राज्य सरकार का मानना है कि यह उपलब्धि कर संग्रह प्रणाली में पारदर्शिता, डिजिटल निगरानी, प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई और करदाताओं के बेहतर अनुपालन का परिणाम है। एसजीएसटी संग्रह में यह बढ़ोतरी प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों में तेजी और राजस्व प्रबंधन की मजबूती का भी संकेत मानी जा रही है।

हरियाणा का राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक एसजीएसटी संग्रह वृद्धि दर्ज करना इस बात का प्रमाण है कि राज्य की कर व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हो रही है, जिससे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए राजस्व संसाधन भी मजबूत होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m