खिलाड़ियों के हक पर उदासीनता बर्दाश्त नहीं, जरूरत पड़ी तो प्रदेशभर में होगा प्रदर्शन : मनदीप सुई
अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों के योगदान को देखते हुए अब वर्ष 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हरियाणा को देने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
इसी मांग को लेकर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनदीप सुई ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत वे युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद कर कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 की मेजबानी हरियाणा को दिए जाने के समर्थन में जनमत जुटा रहे हैं।
खिलाड़ियों और युवाओं से बातचीत के दौरान मनदीप सुई ने कहा कि हरियाणा देश का स्पोर्ट्स हब है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे में यदि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हरियाणा को मिलती है तो इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा और उनके लिए रोजगार व भविष्य की नई संभावनाओं के रास्ते भी खुलेंगे।
खेल बजट को लेकर सरकार पर निशाना
अभियान के दौरान मनदीप सुई ने प्रदेश सरकार की खेल नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब भी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ या एशियन गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं होती हैं, तब हरियाणा के खिलाड़ी देश के लिए बड़ी संख्या में पदक जीतकर लाते हैं। इसके बावजूद प्रदेश में खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को लेकर सरकार का रवैया अपेक्षित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार हरियाणा में खेल सुविधाओं के नाम पर पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं करा रही है, जबकि गुजरात में खेल संसाधनों और आधुनिक खेल ढांचे के विकास पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। मनदीप सुई ने कहा कि ऐसी नीतियों से प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का मनोबल प्रभावित हो सकता है।
2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हरियाणा को देने की मांग
युवा कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि हरियाणा के खिलाड़ियों के योगदान और प्रदेश की खेल प्रतिभा को देखते हुए वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए हरियाणा की दावेदारी मजबूती से पेश की जाए।
मनदीप सुई ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्याप्त बजट मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि खिलाड़ियों के हितों और खेल सुविधाओं को लेकर सरकार का रवैया उदासीन रहा तो युवा कांग्रेस इस अभियान को प्रदेशभर में ले जाएगी और जरूरत पड़ने पर प्रदर्शन भी किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


