संजीव, सोनीपत। ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई को सोनीपत जिले का केंद्र बनाया गया। यहां हरियाणा खेल विश्वविद्यालय और मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय सभागार में एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त रहने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम में राई विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल मदान, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेन्द्र सिंह बड़खालसा और विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने भी युवाओं को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने नशामुक्त जीवन का दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत देशभर के 28,000 से अधिक स्थानों से एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि देश का युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएगा तो विकसित भारत का संकल्प शीघ्र साकार होगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई।

हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में हुआ सीधा प्रसारण

हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों ने ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत नशामुक्त रहने का संकल्प लिया।

कृष्णा गहलावत ने कहा- नशे से दूर रहकर ही निखरती है प्रतिभा

राई विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि युवा नशे से दूर रहकर ही अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेलों के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है और हरियाणा खेल विश्वविद्यालय तथा मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय इस परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल, शिक्षा और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

निखिल मदान बोले- युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति

सोनीपत विधायक निखिल मदान ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की, ताकि नशामुक्त भारत के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री के ओएसडी ने अनुशासन और सकारात्मक सोच पर दिया जोर

मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेन्द्र सिंह बड़खालसा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनाकर युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कुलपति बोले- नशे से दूरी राष्ट्रहित में जरूरी

हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों का अवैध व्यापार आतंकवाद को आर्थिक सहायता प्रदान करने का एक प्रमुख स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में विद्यार्थियों का यह संकल्प महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा का नशे से दूर रहना उसके उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र की सुरक्षा, समृद्धि और प्रगति के लिए भी आवश्यक है।

अधिकारियों और विद्यार्थियों ने दोहराया संकल्प

कार्यक्रम में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय एवं मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के छात्र-छात्राओं के अलावा विश्वविद्यालय और विद्यालय के अधिकारी, संकाय सदस्य तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया और इस जन-अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m