अजय सैनी, भिवानी । प्रदेश भर में आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप ने सराहनीय सेवा अभियान चलाया। परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को हजारों अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। यह सेवा कार्य जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों पर किया गया।

पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश

इस सेवा अभियान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें पर्यावरण का पूरा ध्यान रखा गया। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाते हुए डिस्पोज़ेबल सामग्री का उपयोग नहीं किया गया। परीक्षार्थियों को जलपान कराने के लिए केवल स्टील के गिलासों का प्रयोग किया गया। स्काउट्स की ओर से स्वच्छता बनाए रखने और कचरा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

32 जवानों ने दी सेवा

चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के नेतृत्व में 32 स्काउट और गाइड जवानों ने तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों टीआईटी, वैश्य कॉलेज तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बाहर अपनी सेवाएं दीं। इन जवानों ने न केवल परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन किया, बल्कि उनके बैग और कीमती सामान की सुरक्षा सुनिश्चित कर उन्हें राहत पहुंचाई। व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जवानों को तीन टुकड़ियों में बांटकर तैनात किया गया था।

अधिकारियों ने की सराहना

इस दो दिवसीय अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता ने स्काउट्स एवं गाइड्स के इस निस्वार्थ सेवा कार्य की जमकर सराहना की है। जवानों ने साबित किया कि स्काउटिंग का मूल मंत्र सदैव तत्पर रहना है। इस अभियान में शामिल जवानों ने समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।