Haryana Top News 7 August 2026 : हरियाणा : प्रदेश में आज प्रशासन, सड़क हादसे, खेल, बिजली कर्मचारियों के आंदोलन और साइबर अपराध से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं। 17 IAS और 7 HCS अधिकारियों के तबादलों से लेकर BSF बस हादसा, एशियन गेम्स के लिए आलिशा चौधरी का चयन, बिजली कर्मचारियों की हड़ताल और प्रॉपर्टी टैक्स के नए नियम तक, पढ़िए हरियाणा की आज की अहम खबरें एक साथ।
1. हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS और 7 HCS अफसरों के तबादले
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 17 IAS और 7 HCS अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा IAS अधिकारी प्रदीप दहिया के ट्रांसफर को लेकर है, जिनका 24 घंटे के अंदर दूसरी बार तबादला कर दिया गया। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है।
2. फिरोजपुर-पट्टी रोड पर BSF जवानों से भरी बस खेत में पलटी
फिरोजपुर। फिरोजपुर-पट्टी रोड पर माजा-मालवा को जोड़ने वाले बंडाला पुल के पास BSF जवानों से भरी बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे ट्राले को ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर धान के खेतों में पलट गई। हादसे में बस में सवार कई BSF जवान घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
3. एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी आलिशा : नवीन जिंदल
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने खुशी जताते हुए बताया कि पुंडरी की होनहार कराटे खिलाड़ी आलिशा चौधरी को सभी आवश्यक स्वीकृतियां मिल गई हैं। अब वह 2026 एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। जिंदल ने इसे क्षेत्र और देश के लिए गर्व का क्षण बताया तथा आलिशा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
4. बिजली कर्मचारियों की हुंकार, 11 से 13 अगस्त तक राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान
संजय कुमार, जींद। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने बिजली क्षेत्र के निजीकरण के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। जींद में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताया और 11, 12 व 13 अगस्त 2026 को तीन दिवसीय हड़ताल करने की घोषणा की। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।
5. हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे नरवाना के दो युवकों की दर्दनाक मौत
यमुनानगर। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर नरवाना के मोर पत्ती लौट रहे दो कांवड़ियों की गुरुवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
6. फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर करते थे सेक्सटॉर्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 4 फर्जी सिम कार्ड, महिलाओं के नाम से बनाए गए फर्जी सोशल मीडिया और जीमेल अकाउंट, अश्लील वीडियो तथा चैटिंग से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
7. 31 अगस्त तक पुरानी दरों पर प्रॉपर्टी टैक्स भरने का आखिरी मौका
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने राज्य में प्रॉपर्टी टैक्स व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए कलेक्टर रेट आधारित नया सिस्टम लागू कर दिया है। हालांकि सरकार ने प्रॉपर्टी मालिकों को 31 अगस्त 2026 तक पुरानी व्यवस्था के तहत प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने का अंतिम अवसर दिया है। इसके बाद सभी संपत्तियों पर कलेक्टर रेट के आधार पर नई टैक्स व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू होगी।
8. कैथल में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी तेज, 9 से 17 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम
कैथल। जिले में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक पूरे जिले में अभियान को उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान तिरंगा रैली, बाइक रैली और अन्य देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


