Haryana Top News : हरियाणा में मंगलवार को राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और किसान से जुड़े कई अहम मामले सामने आए। महम चौबीसी की पंचायत में मुस्कान केस को लेकर बड़ा फैसला हुआ, वहीं अग्रोहा में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी पर CM फ्लाइंग ने छापेमारी की। इसके अलावा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की सह-मेजबानी हरियाणा को देने की मांग, सेना प्रमुख की CM नायब सिंह सैनी से मुलाकात, HSRP नंबर प्लेट को लेकर पुलिस की सख्ती और सोनीपत में फर्जी प्रमाणपत्र के मामले में सरपंच की बर्खास्तगी समेत दिनभर की बड़ी खबरों ने सुर्खियां बटोरीं।

1. मुस्कान केस में महम चौबीसी की बड़ी पंचायत का फैसला, शीलू पहलवान समेत 4 को माफी

महम। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू पहलवान की पत्नी मुस्कान की संदिग्ध मौत के मामले में महम चौबीसी की सर्वखाप पंचायत ने करीब पांच घंटे की लंबी बैठक के बाद बड़ा फैसला सुनाया है। पंचायत में दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया गया। बहस, वाद-विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बाद पंचायत ने शीलू पहलवान, उनके पिता सुरेंदर बल्हारा, माता और भाई मनीष को माफ करने का फैसला किया।

2. हिसार के अग्रोहा में यूरिया खाद की कालाबाजारी पर CM फ्लाइंग की रेड

हिसार। हिसार के अग्रोहा में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी और किसानों को खाद के साथ जबरन सामान टैग करने की शिकायत पर CM फ्लाइंग टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। हिसार रेंज की CM फ्लाइंग टीम ने इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में अग्रोहा स्थित मैं किसान सेवा केंद्र पर रेड की। कार्रवाई कृषि विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से की गई।

3. 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की सह-मेजबानी हरियाणा को मिले

चंडीगढ़। 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) की सह-मेजबानी हरियाणा को दिए जाने की मांग अब राजनीतिक रूप से भी जोर पकड़ने लगी है। हरियाणा कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर मांग की गई कि प्रस्तावित 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी में हरियाणा को भी भागीदार बनाया जाए।

4. सोनीपत में शुरू हुई मैक्स हॉस्पिटल द्वारका की विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी

सोनीपत, 11 अगस्त। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, द्वारका की ओर से सोनीपत के सक्सेना हॉस्पिटल में विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं। मंगलवार को इन सेवाओं का शुभारंभ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, द्वारका के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के सीनियर डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. कुलदीप शर्मा, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. संजीव कुमार, सक्सेना मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सोनीपत के डायरेक्टर एवं मिनिमल एक्सेस सर्जन डॉ. अखिल सक्सेना तथा डायरेक्टर, डायबेटोलॉजिस्ट एवं आईसीयू स्पेशलिस्ट डॉ. दिव्या सक्सेना की मौजूदगी में किया गया।

5. सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने CM नायब सिंह सैनी से की मुलाकात

चंडीगढ़। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आवास संत कबीर कुटीर में मुलाकात की। सेना प्रमुख बनने के बाद जनरल धीरज सेठ की मुख्यमंत्री सैनी के साथ यह पहली मुलाकात रही। दोनों के बीच सिविल-मिलिट्री समन्वय (Civil-Military Coordination) मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

6. बिना HSRP नंबर प्लेट वाहन चलाना पड़ेगा भारी, पुलिस करेगी कार्रवाई

कैथल। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा मजबूत करने के लिए वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाना जरूरी है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले के वाहन चालकों से अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार HSRP नंबर प्लेट लगवाने की अपील की है।

7. पानीपत में नाली में बहता मिला भ्रूण, पॉलीथिन फटने से हुआ खुलासा; अज्ञात महिला की तलाश में पुलिस

पानीपत। शहर के काबड़ी रोड स्थित कुलदीप नगर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नाली में एक भ्रूण पड़ा मिला। भ्रूण मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात महिला ने भ्रूण को पॉलीथिन में लपेटकर नाली में बहा दिया था। बताया जा रहा है कि पानी में जाने के बाद पॉलीथिन फट गई, जिसके कारण भ्रूण बाहर आ गया और लोगों की नजर उस पर पड़ गई।

8. 8वीं का फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर बनी सरपंच, जांच में खुली पोल तो पद से बर्खास्त

सोनीपत। पंचायत चुनाव जीतकर सरपंच बनी सोनीपत की एक महिला के सामने अब कुर्सी चली जाने के बाद कानूनी मुश्किलें भी खड़ी हो गई हैं। प्रशासनिक जांच में उसका 8वीं कक्षा का शैक्षणिक प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद जागसी सूरा (काला काफ़ी) गांव की सरपंच कोमल को पद से बर्खास्त कर दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m