Haryana Weather Update: हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मानसून की कमजोर गतिविधियों के बाद अब प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को हरियाणा के 16 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि रविवार से अगले दो दिनों तक कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

प्रदेश में आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में बारिश की संभावना है। बारिश होने से तापमान में राहत मिलने की उम्मीद है।

सिरसा सबसे गर्म, हिसार में भी तेज गर्मी

बारिश की संभावना के बावजूद हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर अभी बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में पारा 38.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

हिसार के बालसमंद क्षेत्र में भी अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट जरूर आई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

शुक्रवार को इन जिलों में हुई बारिश

शुक्रवार को हरियाणा के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर के समय गुरुग्राम, रेवाड़ी और रोहतक में बारिश हुई। इसके बाद शाम के वक्त पानीपत, हिसार, नूंह और भिवानी में भी बारिश दर्ज की गई।

कई स्थानों पर तेज हवा चलने के साथ बूंदाबांदी हुई, जबकि नूंह में बारिश के बाद कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

नारनौल में सबसे ठंडी रही रात

रात के तापमान की बात करें तो नारनौल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री और हिसार में 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है। हालांकि कुछ जिलों में मौसम की स्थिति अलग-अलग बनी रह सकती है।

एक सप्ताह से कमजोर था मानसून

पिछले करीब एक सप्ताह से हरियाणा में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई थीं। इसके चलते कई जिलों में दिन का तापमान बढ़ गया और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। अब बारिश की नई संभावना से प्रदेशवासियों को उमस और तेज गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m