पंचकूला. हरियाणा में मंगलवार शाम अचानक मौसम बदल गया। पंचकूला में रात करीब 9 बजे ओले पड़ने शुरू हो गए। पानीपत और सोनीपत में तेज हवाएं चलीं, जबकि यमुनानगर में तेज बारिश हुई। यहां मंडी में ट्रालियों में लदा धान भीग गया। मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिनके प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है।
7 अक्टूबर की रात से 9 अक्टूबर तक पहले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हरियाणा में बारिश हो सकती है। इसके बाद 10 से 12 अक्टूबर तक दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।

दिन में गर्मी, शाम को बदला मौसम
मंगलवार को दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव रहा। कहीं तेज धूप रही तो कहीं बादल छाए रहे। शाम होते-होते पंचकूला इलाके में घने बादल छा गए। रात करीब 9 बजे के बाद कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे।
दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट में भी कई जगह बादल छाए रहे। पानीपत और सोनीपत में तेज हवाएं चलीं। यमुनानगर में बारिश के दौरान मंडी में रखी धान की फसल भीग गई।
पिछले दिनों लगातार बढ़ रहा था तापमान
पश्चिमी शुष्क हवाओं के प्रभाव से पिछले 4-5 दिनों से प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा था। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री और औसत न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
हिसार में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। नारनौल में पारा 38.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है।
भिवानी में अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री और चरखी दादरी में 37.1 डिग्री दर्ज किया गया।
बारिश के साथ बढ़ेगी ठंडक
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी। इससे रात के समय ठंड की शुरुआत हो सकती है।
उन्होंने किसानों को मौसम में बदलाव को ध्यान में रखते हुए फसलों की सिंचाई और कटाई की योजना बनाने की सलाह दी है।
12 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
पहले पश्चिमी विक्षोभ के असर से 7 अक्टूबर की रात से 9 अक्टूबर तक उत्तरी हरियाणा में बारिश की संभावना है। दूसरे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 10 से 12 अक्टूबर तक रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश के साथ दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। इससे प्रदेश में ठंडक बढ़ेगी।

