हिसार। हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी मौसम में खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि 19 जुलाई से मौसम करवट ले सकता है, जबकि 20 जुलाई से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने के संकेत हैं।

रोहतक सबसे गर्म, सामान्य से 5 डिग्री अधिक तापमान

शुक्रवार को रोहतक में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक रहा। दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

कमजोर पड़ा मानसून, बढ़ी उमस

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में फिलहाल मानसून कमजोर बना हुआ है। मानसूनी हवाओं की रफ्तार धीमी होने और दक्षिण-पश्चिम दिशा से चल रही गर्म हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी का असर बना हुआ है। अगले दो-तीन दिनों तक इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है।

19 जुलाई से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई से हरियाणा के उत्तर-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो सकती है। वहीं 20 जुलाई से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना है।

20 से 25 जुलाई तक बारिश का दौर

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 20 से 25 जुलाई के बीच तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद 27 से 30 जुलाई के दौरान भी मौसम में बदलाव के साथ रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई के तीसरे और चौथे सप्ताह में मानसून फिर से सक्रिय रहेगा, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।