कृष्ण कुमार सैनी, सोनीपत। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने एक अलग ही अंदाज में किसानों के बीच पहुंचकर उनके साथ सीधा जुड़ाव दिखाया। गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव बिधल में मंत्री अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीता शर्मा के साथ किसान अजीत के खेत में पहुंचे और वहां स्वयं गेहूं की कटाई (लामणी) कर सबको हैरान कर दिया।
हाथ में दरांती लेकर खेतों में उतरे मंत्री
सहकारिता मंत्री और उनकी पत्नी खुद खेत में उतरे और किसानों के साथ मिलकर गेहूं की फसल काटी। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक तरीके से कटाई करते हुए ग्रामीणों और किसानों से आत्मीय बातचीत की। मंत्री ने इस मौके पर खेती-किसानी की बारीकियों और वर्तमान स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
किसान की समृद्धि ही देश की ताकत
इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा ने किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अन्नदाता की समृद्धि ही प्रदेश और देश की प्रगति का असली आधार है। उन्होंने नारा दिया कि यदि देश का किसान खुशहाल होगा, तभी हमारा देश भी खुशहाली की ओर अग्रसर होगा।
गांव बिधल से दिया एकजुटता का संदेश
गोहाना के गांव बिधल में मंत्री का यह दौरा महज एक औपचारिकता नहीं था। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक कैबिनेट मंत्री का इस तरह जमीन पर उतरकर मेहनत करना किसानों के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक बड़ा संदेश है। इस दौरे की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है, जिसे सरकार और किसानों के बीच की दूरी कम करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

