नवोदित,कुरुक्षेत्र। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को कुरुक्षेत्र में हरियाणा की पहली राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ और देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा।

तिरंगा यात्रा से पहले CM ने किया रुद्राभिषेक
तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ऐतिहासिक स्थाणु महादेव मंदिर पहुंचे। श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर उन्होंने भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने बेलपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

पिपली से शहीदी स्मारक तक निकली यात्रा
तिरंगा यात्रा पिपली सेक्टर-2 से शुरू हुई। यात्रा पुलिस लाइन, नया बस अड्डा और द्रोणाचार्य स्टेडियम मार्ग से होते हुए लघु सचिवालय परिसर पहुंची। इसके बाद यात्रा शहीदी स्मारक तक गई।

यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। शहीदी स्मारक पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत अन्य लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
CM सैनी बोले- आज हर हृदय में तिरंगा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज हर घर, हर प्रतिष्ठान और हर शिक्षण संस्थान पर तिरंगा फहराने की भावना मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को याद करना और स्वतंत्रता पर्व मनाना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि लोगों की भागीदारी वाला राष्ट्रीय उत्सव है।
विभाजन की त्रासदी को भी किया याद
मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी लोगों से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान करोड़ों लोगों को अपना घर, जमीन और कारोबार छोड़ना पड़ा था। इस दौरान परिवार बिछड़ गए और बड़ी संख्या में लोगों को अत्याचार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
14 अगस्त को गुरुग्राम में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 14 अगस्त को गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में भी विभाजन विभीषिका से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
मुख्यमंत्री ने लोगों को श्रावण मास और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


