सिरसा। हरियाणवी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी कलाकार दिव्यांका सिरोहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने प्रशंसकों और करीबियों को हैरान कर दिया है। 30 वर्षीय दिव्यांका गाजियाबाद स्थित अपने घर पर मृत पाई गईं। परिवार के अनुसार, 21 अप्रैल को उनकी तबीयत खराब थी। हार्ट अटैक का अंदेशा जताया जा रहा है। क्यों कि, बेहोश होकर गिरने की वजह से उनके सिर पर अंदरूनी चोट लगी, जिससे उनकी जान चली गई।

मौत की पुलिस को नहीं दी गई सूचना

इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा पोस्टमार्टम और पुलिस सूचना को लेकर हो रही है। मौत के बाद न तो पुलिस को जानकारी दी गई और न ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अगले ही दिन सुबह जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

आर्थिक तंगी के कारण तनाव में थीं दिव्यांका

दिव्यांका पिछले काफी समय से काम की कमी और आर्थिक तंगी के कारण तनाव में थीं। उन्होंने पिछले तीन महीनों से शूटिंग से भी दूरी बना रखी थी और ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले एक दोस्त से आर्थिक मदद भी मांगी थी।

50 गानों में दिव्यांका ने किया काम

दिव्यांका ने अपने करियर में करीब 50 गानों में काम किया था। उनकी अंतिम शूटिंग बिंदर दनौदा के साथ अंगद फिल्म और चौधर तेरे हवाले गाने के लिए थी, जो अभी रिलीज होना बाकी है। उनकी शोक सभा में कर्ण चौटाला सहित कई कलाकारों ने पहुंचकर सांत्वना दी।

पुलिस ने कहा- नहीं मिली कोई लिखित शिकायत

पुलिस का कहना है कि उन्हें इस मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत या सूचना नहीं मिली है, जबकि सोशल मीडिया पर उनकी मौत के कारणों को लेकर बहस छिड़ी हुई है।