दीपक भारद्वाज, पलवल। हरियाणा के पलवल जिले से बड़ी खबर आ रही है। हथीन में एक घर के अंदर हथियार के बल पर दंपति को बंधक बनाकर डकैती डालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह (interstate gang) का पर्दाफाश हुआ है। पलवल के पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए हथीन थाना पुलिस ने गिरोह के दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया है।

रात 2 बजे घर में घुसे थे 8-10 हथियारबंद बदमाश

हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि यह खौफनाक वारदात बीती 22 और 23 अप्रैल की दरमियानी रात को हुई थी। खारिया मोहल्ला (वार्ड नंबर 10, हथीन) के रहने वाले सन्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका परिवार यूपी के मनोना धाम गया हुआ था। घर पर वह और उसकी पत्नी अकेले थे। रात करीब 2 बजे लाठी, डंडे और बंदूक से लैस 8 से 10 बदमाश जबरन घर में घुस आए। बदमाशों ने दोनों को गन पॉइंट पर बंधक बना लिया और ₹8,000 कैश सहित सोने का मंगलसूत्र, टॉप्स और चांदी की पाजेब लूट कर फरार (robbers fled after looting) हो गए थे।

साइबर सेल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से मिला सुराग

वारदात के बाद पुलिस की ‘सीन ऑफ क्राइम टीम’ (Seen of Crime Team) और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया था। साइबर सेल (cyber cell palwal) की मदद से तकनीकी जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला कि उत्तर प्रदेश की मथुरा जिला जेल में एक अन्य मामले में बंद दो शातिर अपराधी इस डकैती में शामिल हैं। इसके बाद हथीन पुलिस ने तुरंत अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार (criminals arrested) कर लिया।

अलीगढ़ और मथुरा के रहने वाले हैं दोनों शातिर आरोपी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुभाष (पुत्र चंद्रपाल, निवासी अलीगढ़, यूपी) और नरेश (पुत्र रमेश, निवासी मथुरा, यूपी) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों बदमाशों से गहनता से पूछताछ कर रही है।

2 दिन की रिमांड पर पुलिस, बाइक और कैश बरामद

पुलिस ने दोनों डकैतों को दो दिन के पुलिस रिमांड (police remand) पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक डंडा और ₹15,000 कैश (जेवरात बेचने और नगदी के हिस्से में आए रुपये) बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि इस संगीन वारदात में शामिल गिरोह के बाकी साथियों को पकड़ने के लिए उनके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।